
मारपीट एवं लूटपाट की एफआईआर दर्ज
वैशाली के चकहलाद गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश के कारण मारपीट और लूटपाट की घटना हुई। उर्मिला देवी के आवेदन पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे पीड़िता की पोती गंभीर रूप से घायल हो गई और घर से सोने-चांदी के गहने तथा 2000 रुपये नकद लूट लिए गए।
वैशाली,संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र अंतर्गत चकहलाद गांव में सोमवार की संध्या में पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट एवं लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में चकहलाद निवासी उर्मिला देवी,पति शिवचंद्र राय के आवेदन पर वैशाली थाने में गांव के ही उमेश राय सहित चार लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दर्ज एफआईआर के अनुसार सोमवार की संध्या पीड़िता अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं। इसी दौरान गांव के ही उमेश राय, अविनाश कुमार, अभिनंदन कुमार और अभिनय कुमार वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोप है कि आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस दौरान पीड़िता की पोती प्रियंका कुमारी का सिर फट गया,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से मारपीट की और घर में घुसकर बक्से में रखे सोना-चांदी के गहने एवं करीब 2000 रुपये नकद लूट लिए। घटना के समय शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




