Hajipur News: अवैध देसी शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ग्रामीण एक जुट
Hajipur News: सलेमपुर पंचायत के दियारा इलाके में अवैध देसी शराब कारोबार पर रोक लगाने के लिए ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। समाजसेवी कुंदन राय और संध्या कुमारी ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर अधिकारियों को पत्र लिखा है। अवैध कारोबार के चलते अच्छे परिवार अब इस गांव में शादी नहीं करना चाहते हैं।

Hajipur News: थाना क्षेत्र के सलेमपुर पंचायत के दियारा इलाके में दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे अवैध देसी शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ग्रामीण एक जुट हो गए हैं। इस संबंध में समाजसेवी कुंदन राय,समिति सदस्य संध्या कुमारी ने वरीय अधिकारियों के नाम लिखे पत्र पर गांव में हस्ताक्षर अभियान चला कर लोगों से हस्ताक्षर करा तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त,आईजी,वैशाली डीएम और एसपी को पत्र भेज स्थायी रूप से देसी कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अवैध कारोबार का विस्तार
समाजसेवी कुंदन राय एवं समिति सदस्य संध्या कुमारी ने कहा कि सलेमपुर दियारा इलाके में सुबह-सुबह देसी शराब ले जाने वाले वेंडरों का मंडी लगता है। वेंडर नदी के रास्ते सारण, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली जिले के अन्य जगहों पर देसी शराब को नाव, बाइक एवं अन्य वाहनों से ले जाते हैं। इस पंचायत में अवैध शराब कारोबार इतना फल फूल गया है कि अच्छे परिवार के लोग अब इस गांव में अपने बेटी-बेटा का शादी ब्याह नहीं करना चाह रहे हैं। यहीं स्थिति बनी रही तो आने वाले दिनों में अगली पिढ़ी को बेहद कष्ट झेलना पड़ेगा। यह देसी शराब दियारा के झाड़ी, नाव आदि जगहों पर गैस सिलेंडर के चूल्हे पर चुआई करते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे सफेदपोश लोग गुड़ के कारोबार मे संलिप्त हैं। इनका नेटवर्क इतना मजबूत है कि जब भी पुलिस दियारा इलाके में छापेमारी करने पहुंचती है कारोबारियों को भनक लग जाती है, वे नाव से सारण जिले में भाग चलते हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर लालगंज एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि हाल के दिनों में सलेमपुर,चकअलहलाद आदि दियारा इलाके में दर्जनों भट्ठियों को ध्वस्त किया गया है। -प्रभात कुमार


