Hajipur News: महनार में सैकड़ों वर्ष पुराने पीपल वृक्ष को बचाने की पहल, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
Hajipur News: महनार प्रखंड के मोखतारपुर गांव के सतिहारा मंदिर परिसर में स्थित सैकड़ों वर्ष पुराना पीपल का वृक्ष गिरने के कगार पर है। गंगा नदी के कटाव और बारिश से मिट्टी का क्षरण हो रहा है, जिससे वृक्ष को खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने इसे बचाने के लिए कार्रवाई की मांग की है।

Hajipur News: महनार प्रखंड की अल्लीपुर हट्टा पंचायत के मोखतारपुर गांव स्थित प्रसिद्ध सतिहारा मंदिर परिसर में मौजूद सैकड़ों वर्ष पुराने विशाल पीपल के वृक्ष को बचाने के लिए ग्रामीणों ने अभियान शुरू किया है। ग्रामीणों ने बताया कि यह वृक्ष वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र रहा है। गंगा नदी के कटाव और लगातार बारिश के कारण मिट्टी का क्षरण होने से वृक्ष गिरने के कगार पर पहुंच गया है। वृक्ष संरक्षण को लेकर ध्रुव सिंह, नवल किशोर सिंह ‘विरप्पन’, गणेश सिंह, ठाकुर विवेक सिंह, नारायण सिंह, रंजीत सिंह, अमरेश कुमार सिंह, रत्नेश सिंह, अशोक सिंह एवं सरोज कुमार सिंह ने महनार बीडीओ व एसडीओ को आवेदन देकर मनरेगा अथवा अन्य सरकारी योजना से जड़ों के पास मिट्टी भराई, चबूतरा निर्माण और कटावरोधी कार्य कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि यह वृक्ष धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। समय रहते संरक्षण कार्य नहीं हुआ तो ऐतिहासिक धरोहर समाप्त हो सकती है। -कृत्यानंद सिंह


