Hajipur News: किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
Hajipur News: वैशाली जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शरदीय मौसम में होने वाली फसलों एवं जैविक खेती के विषयों पर जानकारी दी गई। विधायक सिद्धार्थ पटेल ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जो किसानों को नवीनतम तकनीकों के उपयोग एवं कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने पर केंद्रित था।

Hajipur News: वैशाली जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को शरदीय (खरीफ) मौसम में होने वाली विभिन्न फसलों से संबंधित विषयों पर एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को अन्न फसल, मोटा अनाज (पोषक अनाज), दलहन, तेलहन, मौसमी सब्जियों तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उद्घाटन विधायक वैशाली सिद्धार्थ पटेल द्वारा गोरौल प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज इस्माईलपुर के पंचायत भवन तथा पटेढ़ी बेलसर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज बेलसर, मानपुरा के पंचायत भवन में किया गया।
कार्यक्रम में किसानों को फसल उत्पादन में वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग,पोषक अनाज एवं दलहन-तेलहन फसलों को बढ़ावा देने, मौसमी सब्जियों की उन्नत खेती तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती के महत्व से अवगत कराया गया। किसानों को खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए अपनाई जाने वाली तकनीकों की जानकारी भी दी गई। -अमरेश श्रीवास्तव


