ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार हाजीपुरमहनार में लू लगने से प्लंबर मिस्त्री समेत दो की मौत

महनार में लू लगने से प्लंबर मिस्त्री समेत दो की मौत

महनार नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार को लू लगने से प्लंबर मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों वार्ड संख्या 07 के रहने वाले थे। उनकी मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा...

महनार में लू लगने से प्लंबर मिस्त्री समेत दो की मौत
हिन्दुस्तान टीम,हाजीपुरFri, 21 Jun 2019 09:58 PM
ऐप पर पढ़ें

महनार नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार को लू लगने से प्लंबर मिस्त्री समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों वार्ड संख्या 07 के रहने वाले थे। उनकी मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके घरों में मातम छाया हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 07 के रहने वाला 50 वर्षीय कंचन उर्फ कल्लू चौधरी महनार बाजार एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में प्लंबर मिस्त्री का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि प्लंबर का कार्य करने के दौरान बुधवार को कल्लू चौधरी लू की चपेट में आ गया। परिजनों के द्वारा स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया जा रहा था। शुक्रवार को ज्यादा तबियत खराब होने पर परिजन कल्लू चौधरी को इलाज के लिए महनार सामुदायिक अस्पताल लेकर पहुंचे, परंतु वहां पर मौजूद चिकित्सक ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी सोनी देवी की सूचना पर महनार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। दूसरी, ओर इसी वार्ड के कैलाश सिंह के पुत्र विद्यासागर सिंह की मौत लू लगने के कारण हो गई। विद्यासागर सिंह मजदूर सप्लाई का काम करता था। दो दिन पूर्व पटना में मजदूर सप्लाई के दौरान उसे लू लग गई। महनार में दो दिनों से उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। जानकारी के अभाव में बगैर पोस्टमार्टम कराए ही परिजनों ने विद्यासागर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में अंचल अधिकारी शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अभाव में यह कहना मुश्किल है कि किस वजह से विद्यासागर सिंह की मौत हुई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें