उजड़ गई शिवजी शाह की दुनिया, तीन बेटों और एक पोते की मौत
तीनों बेटे और एक पोता की मौत के बाद घर में विवाह की खुशियों के बीच मातमी सन्नाटा पसर गया 24 फरवरी 2026 को होने वाली शादी के लिए शिवजी साह तीनों पुत्र के साथ 17 फरवरी को आए थे गांव पूजा पाठ के बाद 24...

भगवानपुर । सं.सू. लालगंज प्रखंड के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर वार्ड नंबर 2 में रविवार की दोपहर करीब 2:00 बजे शौचालय की सोखता टंकी साफ करने के दौरान एक झटके में शिवजी शाह की दुनिया उजड़ गई। तीनों बेटे और एक पोता की मौत के बाद घर में विवाह की खुशियों के बीच मातमी सन्नाटा पसर गया। शिवजी शाह पिछले कई वर्षों से अपने तीनों बेटों के साथ मेघालय के अलग-अलग जगहों पर काम कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। शिवजी शाह ने पिछले वर्ष सबसे छोटे पुत्र राहुल कुमार की शादी शीतल भकुरहर गांव में तय की थी।
24 फरवरी 2026 को होने वाली शादी को लेकर शिवजी साह अपने तीनों पुत्र के साथ 17 फरवरी को एक साथ घर लौटे। घर में पूजा पाठ के बाद 24 फरवरी को धूमधाम से राहुल कुमार की शादी संपन्न हुई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शादी के चौथे दिन बाद यानी रविवार की दोपहर में परिवार के सभी लोग एक साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके मन में ख्याल आया कि शौचालय की सोखता टंकी को साफ कर लिया जाए। इसके लिए घर के लोगों ने टंकी के ढक्कन को हटाया और सीढ़ी डालकर मोटर के माध्यम से पाइप डालकर टंकी को साफ करने लगे। साफ-सफाई के दौरान ही पैर फिसलने से प्रियांशु कुमार सोखता टंकी में गिर गया। उसे बचाने के लिए परिवार के पांच सदस्य के साथ बगल के दो अन्य लोग एक-एक करके सोखता टंकी में बचाने के लिए उतरते गए और नीचे ही बेहोश होते गए। श्वसन यंत्र के सहयोग से सातों को निकाला सोख्ता टंकी में पोता के गिरने और तीनों बेटों के एक-एककर बेहोश होने के बाद परिवार के लोगों ने सूचना सराय थाने को दी। इसके बाद टंकी के ऊपर खड़े लोगों ने हो हल्ला करना शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना सराय थानाध्यक्ष संजीव कुमार एवं अग्निशमन विभाग को दी। इस बीच तीन अन्य युवक भी टंकी में घुसे और वे भी बेहोश हो गए। सराय थाने कि पुलिस एवं अग्निशामक के सब ऑफिसर मंटू कुमार सिंह, मणिकांत कुमार, प्रकाश कुमार, सीमा कुमारी, नीतीश कुमार,अरमान अली एवं सब ऑफिसर सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग ने श्वसन यंत्र के सहयोग से सातों लोगों को कमर में रस्सी बांधकर बाहर निकाला। जिसे सराय थाने की पुलिस ने आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किराया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीन लोगों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पत्नी की मेहंदी भी नहीं सूखी और पति की हो गई मौत मृत राहुल कुमार की पांच दिन पूर्व सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव में शादी हुई थी। पत्नी की मेहंदी भी नहीं सूखी थी कि उसकी दुनिया उजड़ गई। सराय थाने की पुलिस ने नगर थाने की पुलिस के सहयोग से कागजी कार्रवाई के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। गांव में शिवजी शाह बेसुध सबको आते-जाते निहार रहे हैं। उनके मुंह से शब्द नहीं फूट रहे। परिवार के लोगों और पड़ोस के पट्टिदारों की सिसकियां नहीं थम रहीं। हाजीपुर - 11- रविवार को टंकी में दम घुटने से चार लोगों की मौत और तीन लोगों के बेहोश होने की घटना में बेहोश हुए तीनों युवकों का हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


