
महुआ और लालगंज में जल्द खुलेगा यातायात थाना
लालगंज और महुआ की सड़कों पर वाहनों को रेगुलेट करते नजर आएगी ट्रैफिक पुलिस महुआ में अक्सर लगने वाले जाम की समस्या से राहगीरों को आने वाले दिनों मिलेगी मुक्ति
हाजीपुर । घनश्याम कुमार जिले के महुआ और लालगंज नगरीय क्षेत्रों को अब जाम की समस्या से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। इन दोनों जगहों पर अक्सर जाम लगने की समस्या से निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात थाना खोलने की तैयारी जिला प्रशासन की चल रही है। बहुत जल्द अगले पखवारे तक दोनों जगहों के चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था संभालती नजर आएगी। पुलिस विभाग ने यातायात व्यवस्था संधारण के लिए प्रशासनिक तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर पहले इस क्षेत्र में यातायात नियमों की आम लोगों को जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।

कुछ आवश्यक जानकारियों वाला पम्फलेट भी बंटवाया जाएगा। इसी के साथ चिह्नित चौक -चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती पर विचार किया जाएगा। अधिक भीड़ वाले चौक-चौराहों पर अधिकारी के साथ जवानों को लगाया जाएगा। दोनों ट्रैफिक थानों को मिलेगी एक-एक गाड़ी विभाग ने इन दोनों नए स्थानों पर ट्रैफिक थाना के लिए एक-एक गाड़ी के अलावा प्रभारी पदाधिकारी और जरूरत के हिसाब से जवान की प्रतिनियुक्ति करने की तैयारी पूरी कर ली है। मालूम हो कि पहले जिलास्तर पर एक ही ट्रैफिक थाना था। अब जिले में तीन जगहों पर ट्रैफिक थाना हो जाएगा। महुआ और लालगंज में ट्रैफिक थाना खुलने से यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ लोगों को अब ट्रैफिक संबंधी मामले के लिए जिला मुख्यालय नहीं आन पड़ेगा। सड़क जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी। ट्रैफिक पुलिस जाम वाले स्थानों पर गाड़ियों को रेगुलेट करेगी। जिससे तुरंत जाम समाप्त हो जाया करेगा। लोगों के समय की बचत होगी। गांव के लोग समय पर कोर्ट-कचहरी और आवश्यक कार्य के लिए पहुंच सकेंगे। बयान... महुआ और लालगंज में जाम की समस्या दूर करने के लिए शीघ्र ही ट्रैफिक थाना खोलने की योजना है। इसकी तैयारी चल रही है। बहुत जल्द इसे मूर्त रूप दे दिया जाएगा। ट्रैफिक थाने का बिल्कुल अलग सेटअप होगा। एक यातायात पदाधिकारी रहेंगे। उनके साथ जरूरत के हिसाब से जवानों की प्रतनियुक्ति की जाएगी। हमारी कोशिश है कि यातयात थाना खोलने के साथ जाम की समस्या से मुक्ति दिला सकूं। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलवाया जाएगा। लोगों को यातायात नियमों के अनुपालन की जानकारी दी जाएगी। - ललित मोहन शर्मा, एसपी, वैशाली

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




