Hajipur News: श्लेषा नक्षत्र की बारिश में कादो और कचरे से सनाया महुआ नप बाजार
Hajipur News: सफाई कर्मियों के हड़ताल के कारण कचरे की ढ़ेर से महुआ की सूरत बिगड़ी, बारिश के कारण महुआ की सड़कें बनी झील

Hajipur News: श्लेषा नक्षत्र की हुई बुधवार को जमकर बारिश से महुआ बाजार की सड़के झील में तब्दील हो गई। वहीं पूरा बाजार कादो और कचरे से सना गया। जिससे न सिर्फ बाजार वासियों बल्कि राहगीरों को बाजार में ठहरना तो क्या रास्ते से होकर निकलना मुश्किल हो रहा है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति तो बाजार का हृदय स्थली कहा जाने वाला गांधी स्मारक के साथ बच्चन शर्मा स्मारक और थाना चौक की है। गांधी चौक हो या बच्चन शर्मा स्मारक, थाना चौक हो या महुआ बाजार का कोई भी स्थल, अगर कोई व्यक्ति वहां खड़ा हो जाता है तो उस जगह से होकर गुजरने वाली गाड़ियों के चक्के से कीचड़ उड़कर उसके कपड़े खराब कर देते हैं। थाना चौक के पास तो सड़क इस कदर गड्ढे में तब्दील है। जिसमें गाड़ियां जब हिचकोले खाती है तो देखने वाले के प्राण उड़ने लगते हैं। उस गड्ढे में तो ट्रक, बस और कई छोटी गाड़ियां फंस जाया करती है। लोगों का कहना है कि गड्ढे में जब गाड़ी की एक तरफ के चक्का गिरती है तो ऐसा लगता है जैसे वह पलट जाएगी। ऐसी स्थिति गांधी स्मारक से लेकर थाना चौक और जवाहर चौक तक बनी है।


