प्रखंड परिसर की गंदगी देख भड़के ग्रामीण विभाग के सचिव
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने गोरौल प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। प्रखंड परिसर में पहुंचते ही सचिव बालामुरुगन ने प्रखंड परिसर की गंदगी देख नाराजगी जताई और खुद गंदगी का फोटो लेना...

गोरौल संवाद सूत्र
ग्रामीण विकास विभाग के सचिव ने गोरौल प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। प्रखंड परिसर में पहुंचते ही सचिव बालामुरुगन ने प्रखंड परिसर की गंदगी देख नाराजगी जताई और खुद गंदगी का फोटो लेना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं प्रखंड भवन के शौचालय की गंदगी को देख बीडीओ पर बरसे। कहा कि करोड़ों की लागत से बने इस भवन को बर्बाद करने पर लगे हैं।
पूरे देश में स्वच्छता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है और आप लोग प्रखंड मुख्यालय के चारों तरफ गंदगी ही गंदगी फैला रखे हैं। फैली बदबू से दो चार मिनट के अंदर ही दम घुटने लगता है, तो दिनों भर यहां लोग कैसे रहते है। यह किसी आश्चर्य से कम नहीं। एक सप्ताह बाद पुनः आ रहा हूं, साफ सफाई नहीं रही तो खैर नहीं। सचिव ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच समीक्षा बैठक की। बैठक में आवास योजना पर भी बीडीओ एवं संबंधित कर्मी को फटकार लगाते कहा कि इस प्रखंड में यह योजना सबसे पीछे क्यों हैं? उन्होंने इसकी जानकारी मांगी। कार्यक्रम पदाधिकारी से जब सचिव ने चल रही मनरेगा योजना की जानकारी ली। इस पर कहा गया कि कार्य को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम पदाधिकारी अनुराधा कुमारी एक भी योजना की जानकारी सचिव को नहीं दे सकीं। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त चित्रगुप्त कुमार, बीडीओ उदय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
