विषम परिस्थितियों में सेवा और अनुशासन ही स्काउट की पहचान : ऋतुराज
द्वितीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर में जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया ऋतुराज ने संबोधन में कहा कि, ‘स्काउटिंग केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है

हाजीपुर संवाद सूत्र स्थानीय एसडीओ रोड स्थित स्काउट भवन हाजीपुर में आयोजित द्वितीय सोपान स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का मंत्र दिया। ऋतुराज ने अपने संबोधन में कहा कि, ‘स्काउटिंग केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। आज के इस तकनीक-प्रधान युग में भी कंपास से दिशा खोजना और मानचित्र पढ़ना जैसे पारंपरिक कौशल हमें आत्मनिर्भर बनाते हैं। उन्होंने कहा कि एक सच्चा स्काउट वही है जो बिना किसी आधुनिक संसाधन के भी घने जंगलों या आपदा के समय अपना मार्ग स्वयं प्रशस्त कर सके।
शिविर के दौरान मंगलवार को प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को कंपास से दिशा खोजना और मानचित्र पढ़ना पर गहन प्रशिक्षण दिया। मानचित्र और कंपास का स्काउट्स ने डिग्री का उपयोग कर उत्तर दिशा ज्ञात करना और मानचित्र के संकेतों को समझना सीखा स्काउट मास्टर जितेश कुमार की देखरेख में स्काउट्स ने विभिन्न प्रकार की पट्टियाँ बांधना, घायल को स्ट्रेचर पर ले जाने और आपातकालीन चिकित्सा सहायता प्रदान करने का अभ्यास किया। वहीं प्रकृति के साथ तालमेल बिठाते हुए, विद्यार्थियों ने बिना किसी धातु के बर्तन के, आग जलाकर भोजन तैयार करने का सफल प्रदर्शन किया। साथ ही संदेश भेजने के लिए 'मोर्स कोड' और ध्वज संकेतों का विशेष अभ्यास कराया गया, ताकि संचार के साधन विफल होने पर भी संपर्क बना रहे। उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय लवापुर महनार के स्काउट मास्टर जितेंद्र नाथ ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि द्वितीय सोपान का यह प्रशिक्षण बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने स्काउट्स को 'सदैव तैयार' रहने के ध्येय वाक्य की याद दिलाई। एक स्काउट प्रतिदिन एक नेक कार्य करने का संकल्प लेता है उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय महमदपुर के नोडल शिक्षक महेश कुमार ने कहा कि सुबह के ‘बीपी सिक्स’ (व्यायाम) से लेकर रात के ‘कैंप फायर’तक, हर गतिविधि अनुशासन सिखाती है। एक स्काउट प्रतिदिन एक नेक कार्य करने का संकल्प लेता है, जो उसे एक बेहतर नागरिक बनाता है। प्रशिक्षण शिविर में उच्च विद्यालय रहीमांपुर नोडल शिक्षक लक्ष्मी कुमारी, इंद्रजीत कुमार, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय पहाड़पुर राघोपुर, के आलोक कुमार, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय जुड़ावनपुर बरारी के प्रधानाध्यापक निरंजन कुमार,गाइड प्रशिक्षक निशि चंद्रवंशी, रोशन कुमार प्रिंस कुमार , सुमिरन कुमार आदि उपस्थित थे। हाजीपुर -13- मंगलवार को द्वितीय सोपान का प्रशिक्षण प्राप्त करने के दौरान स्काउट-गाइड।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




