Hajipur News: महनार में गंगा के उफान से बिगड़े हालात, घरों और सड़कों पर फैला बाढ़ का पानी
Hajipur News: वार्ड 19, 20, 21 व 27 समेत कई गांव प्रभावित, हसनपुर पलवैया में राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी के ऊपर से बह रहा पानी

Hajipur News: गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर से महनार नगर और प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। पानी बढ़ने के साथ लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। महनार नगर परिषद के वार्ड संख्या 19, 20, 21 और 27 में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई घरों में पानी घुस गया है,जबकि कई मकानों के चारों ओर पानी फैल गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
बाढ़ का प्रभाव
बाढ़ के पानी के कारण लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है। प्रखंड की अल्लीपुर हट्टा,हसनपुर दक्षिणी और हसनपुर उत्तरी पंचायत में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हसनपुर हवराहा में सड़क पर करीब दो से तीन फीट पानी जमा है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाई हो रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बह रहा पानी: हसनपुर पलवैया में गंगा का पानी राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी के ऊपर से बह रहा है। सड़क पर पानी बहने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीण लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर रख रहे हैं। लोगों को आशंका है कि जलस्तर में और वृद्धि होने पर स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है।
प्रशासन की तैयारी
- प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी : बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। महनार के एसडीओ अंकित कुमार व एसडीपीओ प्रवीण कुमार लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। एसडीओ अंकित कुमार ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत और प्राथमिकता के अनुसार बाढ़ से बचाव के कार्य किए जा रहे हैं। प्रभावित लोगों को आवश्यकता के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। महनार-05-महनार के हसनपुर पलवैया में राष्ट्रीय राजमार्ग-122बी पर बहता गंगा का बाढ़ का पानी। -कृत्यानंद सिंह


