
पूजा करने जा रहे बाइक सवार पुरोहित की हादसे में मौत
महुआ-हाजीपुर सड़क पर रानीपोखर स्थित बिलंदपुर सड़क मोड़ के पास हुई घटना घटना में बाइक पर पीछे बैठा एक साथी गंभीर रूप से घायल घटना के बाद लगभग डेढ़ घंटे तक लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
महुआ । एक संवाददाता अज्ञात वाहन की ठोकर से पूजा करने जा रहे बाइक सवार पुरोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा एक साथी घायल हो गया। घटना के बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और करीब डेढ़ घंटे तक सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया। घटना मंगलवार की पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे महुआ-हाजीपुर सड़क पर महुआ थाना अंतर्गत रानीपोखर मोड़ स्थित बिलंदपुर सड़क गेट के पास घटी। मृतक 50 वर्षीय अमरेश ठाकुर महुआ अनुमंडल और जंदाहा प्रखंड के बसंतपुर पंचायत वार्ड संख्या 07 अंतर्गत धंधुआ का रहने वाला था। वहीं घायल गोपाल ठाकुर महुआ थाने के बहोरी के रहने वाले बताए गए हैं।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अमरेश ठाकुर अपने साथी गोपाल ठाकुर को बहोरी से लेकर बाइक से महुआ होकर हाजीपुर यजमान के यहां महामृत्युंजय जाप करने जा रहे थे। इसी बीच उक्त जगह पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत अधिक रक्तस्राव होने से हो गई। जबकि घायल साथी गोपाल ठाकुर को लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। घटना की सूचना पर महुआ थाने से थानाध्यक्ष राजेश रंजन दलबल के साथ पहुंचे और लोगों को काफी मशक्कत से समझा-बूझाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया। उसके बाद सड़क पर आवाजाही शुरू हो गई। इकलौता पुत्र और पत्नी का रो-रोकर हाल बेहाल : मनहूस खबर मिलने के बाद मृतक अमरेश ठाकुर के परिजनों में कोहराम मच गया। जैसे ही यह सूचना मिली, पत्नी नीति देवी व इकलौते पुत्र मृदुल वत्स और अन्य लोग भागे -भागे घटनास्थल पहुंचे। परिजन यहां घटनास्थल पर जैसे ही पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर को देखते ही उनमें चीत्कार मच गया। बताया गया कि अमरेश ठाकुर यजमानी कर घर परिवार को चलाते थे। वे यजमान के यहां महामृत्युंजय जाप कराने के लिए जा रहे थे। घटनास्थल पर मृतक के शव को देख हर व्यक्ति का कलेजा कांप जा रहा था। इधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजन मृतक के शव को घर ले आए। घटना से मृत पुरोहित के परिजनों में कोहराम मचा था। वही गांव में मातमी सन्नाटा छाया रहा। गांव में शाम में पूरे टोले में चूल्हे नहीं जलाए गए। महुआ 01- महुआ-हाजीपुर सड़क पर रानीपोखर बिलंदपुर गेट के पास बाइक सवार पुरोहित की दुर्घटना में मौत के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




