Hajipur News: महनार में युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस ने शुरू की जांच
Hajipur News: खरजम्मा में कृष्णा राय नामक युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना का समय शाम करीब चार बजे बताया जा रहा है, जबकि पुलिस को इसकी जानकारी देर शाम मिली। पूर्व विवाद भी जांच के घेरे में है। जांच पूरी होने पर स्थिति स्पष्ट होगी।

Hajipur News: महनार थाना क्षेत्र के खरजम्मा में कृष्णा राय नामक युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस को अलग-अलग माध्यमों से जानकारी मिली है। हालांकि,पुलिस ने अब तक गोली मारे जाने की घटना की पुष्टि नहीं की है। एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि एक वीडियो में घटना का समय शाम करीब चार बजे बताया जा रहा है,जबकि पुलिस को इसकी जानकारी देर शाम मिली। सूचना मिलने में देरी के कारणों की भी जांच की जा रही है। एसडीपीओ के अनुसार,मामले में कुछ तथ्यों में अंतर सामने आया है। एक खोखे की तस्वीर रात में लिए जाने की बात सामने आई है,जबकि अस्पताल में गोली निकाले जाने का समय रात करीब 11 बजे बताया गया है। पुलिस इन तथ्यों का सत्यापन कर रही है। मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन भी नहीं मिला है।
पूर्व विवाद भी जांच के घेरे में :
पुलिस के अनुसार, कृष्णा राय और एक अन्य व्यक्ति के बीच पूर्व से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि कृष्णा राय बाहर से आकर महनार के लाहौरीचक में मकान बनाकर रह रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। -कृत्यानंद सिंह

