
महनार में उमेश कुशवाहा के समर्थन में सभा, विपक्ष पर साधा निशाना
सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सामाजिक न्याय का सच्चा प्रतीक बताया
महनार । संवाद सूत्र प्रखंड के वासुदेपुर चंदेल स्थित खेल मैदान में रविवार को एनडीए प्रत्याशी उमेश सिंह कुशवाहा के समर्थन में एनडीए की सभा आयोजित की गई। इस सभा में पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, रामनाथ ठाकुर, पूर्व सांसद कविता सिंह और अजय सिंह एक साथ मंच पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने अपने संबोधन में कहा कि लालू यादव जेल जा चुके हैं और तेजस्वी यादव जमानत पर हैं, इनकी चोरी करने की आदत नहीं छूटेगी।

उन्होंने कहा कि जनता अब ठगी और परिवारवाद की राजनीति से उबर चुकी है। मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सामाजिक न्याय का सच्चा प्रतीक बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने एक मुसहर के बेटे को मुख्यमंत्री बनाया, जो समान अवसर की मिसाल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा नीति की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलवामा के बाद मोदी सरकार ने देश की ताकत का परिचय कराया। इसी मंच से सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा कि एनडीए की जीत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि बिहार की जीत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। इस अवसर पर एनडीए प्रत्याशी उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जनता का स्नेह ही मेरे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद और निरंतर सेवा की प्रेरणा है। आपने 2015 से 2020 तक मुझे महनार का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया था। उस कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं स्थापित कराईं, जो महनार के विकास की मजबूत शुरुआत थी। अब एक बार फिर अवसर दीजिए, ताकि अधूरे सपनों को पूरा कर सकूं। महनार - 02 - महनार में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित सभा में उपस्थित जीतन राम मांझी, राजीव प्रताप रूड़ी, प्रत्याशी उमेश सिंह कुशवाहा और अन्य लोग।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




