वैशाली जिले से सर्वाधिक 2310 प्लास्टिक वेरियर्स चैंपियन घोषित
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की ओर से आयोजित प्लास्टिक टाइड टर्नर प्रोजेक्ट में पूरे बिहार में वैशाली जिले से सर्वाधिक 2310 प्लास्टिक वेरियर्स चैंपियन घोषित किये गए...

हाजीपुर। संवाद सूत्र
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की ओर से आयोजित प्लास्टिक टाइड टर्नर प्रोजेक्ट में पूरे बिहार में वैशाली जिले से सर्वाधिक 2310 प्लास्टिक वेरियर्स चैंपियन घोषित किये गए हैं। पूरे बिहार से कुल 2810 स्काउट गाइड चैंपियन बने हैं। वैशाली जिले से घोषित चैंपियन को बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड राज मुख्यालय परिसर पटना में 11 सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित प्रशिक्षण शिविर सह सेमिनार में मुख्य राज्य आयुक्त राम कुमार सिंह एवं सभापति उदय शंकर प्रसाद सिंह ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिले के 22 स्काउट गाइड प्रतिनिधि शामिल हुए और जिले के सभी प्रतिभागी स्काउट गाइड का प्रमाण पत्र एवं बैज प्राप्त किया। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रान्तोष कुमार दास ने कहा कि एकल प्रयोग प्लास्टिक के इस अभियान में जुड़े सभी प्लास्टिक वॉरियर्स के रूप में चैंपियन बने स्काउट गाइड को बहुत बधाई, आपने पूरे बिहार का नाम देश हीं नहीं अंतर्राष्ट्रीय मंच तक ले जाने में अपनी भूमिका अदा की है। हम सभी को इस अभियान में जुड कर बहुत हीं खुशी महसूस हो रही है। जिले से 2310 की संख्या में चैंपियन बनना अपने आप में एक बहुत ही गौरव की बात है। जिला संगठन आयुक्त सह राज्य समन्वयक ऋतुराज ने बताया कि बिहार सरकार ने एकल प्रयोग प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया है। एकल यूज़ प्लास्टिक सेहत और पर्यावरण दोनों के लिए काफी नुकसानदायक है, इसके बनने से लेकर इस्तेमाल होने तक काफी बुरा प्रभाव होता है, इसका निर्माण पेट्रोलियम से प्राप्त रसायनों से होता है, इससे निकलने वाली जहरीली गैस सेहत के लिए नुकसानदायक है एवं पानी को प्रदूषित करता है। भारत में एकल प्रयोग प्लास्टिक को 2022 तक खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।
गतिविधि को मिली प्रशंसा
जिले में जिला संगठन आयुक्त सह राज्य समन्वयक के नेतृत्व में वैशाली जिले के अलावा बिहार में यह गतिविधि संचालित की जा रही है। प्लास्टिक को वॉरियर्स की गतिविधि को वर्ल्ड एसोसिएशन गर्ल्स गाइड गर्ल्स स्काउट लंदन एवं पर्यावरण शिक्षा केंद्र अहमदाबाद ने भी जिले के स्काउट गाइड के गतिविधि की प्रशंसा की है। साथ ही सरकार ने हाल ही में जलवायु एवं पर्यावरण परिवर्तन विभाग द्वारा सभी विद्यालयों के स्काउट गाइड को प्लास्टिक वारियर्स के रूप में विद्यालय एवं समाज में एकल प्रयोग प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक करने हेतु पत्र लिखा है।
