
महनार में एक नामांकन, राजापाकर से नहीं खुला खाता
महनार विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 10 नामांकन रसीदें कट चुकी हैं राजापाकर (अजा) से अब तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया
महनार । संवाद सूत्र विधानसभा चुनाव के नामांकन कार्य की शुरूआत शुक्रवार से हुई थी, लेकिन पहले दिन कोई भी उम्मीदवार नामांकन नहीं कर सका। 11 अक्टूबर को सरकारी अवकाश और 12 अक्टूबर को रविवार होने से प्रक्रिया दो दिन बाधित रही। सोमवार को महनार विधानसभा क्षेत्र से मिथिलेश कुमार साथी ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत की। नामांकन के दौरान उनके साथ समर्थकों की बड़ी संख्या मौजूद रही। मिथिलेश कुमार साथी ने दो सेट में अपना नामांकन पत्र जमा किया। एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि महनार विधानसभा क्षेत्र में अब तक कुल 10 नामांकन रसीदें (एनआर) कट चुकी हैं, जबकि राजापाकर (अजा) विधानसभा क्षेत्र से अब तक कोई भी उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया है, यहां आठ एनआर रसीदें जारी हुई हैं।

प्रशासन ने प्रत्याशियों और मतदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। नामांकन कार्य के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। एसडीओ नीरज कुमार ने सभी अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में नामांकन कार्य पूरा करें। महनार - 01 - सोमवार को महनार में नामांकन के बाद समर्थकों के साथ मिथिलेश कुमार साथी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


