Hindi NewsBihar NewsHajipur NewsMahanar Assembly Elections Comprehensive Administrative Preparations for 300 423 Voters
महनार में 388 मतदान केंद्रों पर तीन लाख से अधिक वोटर करेंगे वोट

महनार में 388 मतदान केंद्रों पर तीन लाख से अधिक वोटर करेंगे वोट

संक्षेप: महनार,संवाद सूत्र। विधानसभा में चुनाव की तैयारियां पूरी, 388 मतदान केंद्रों पर तीन लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान विधानसभा में चुनाव की तैयारियां पूरी, 388 मतदान केंद्रों पर तीन लाख से अधिक मतदाता...

Wed, 5 Nov 2025 02:06 AMNewswrap हिन्दुस्तान, हाजीपुर
share Share
Follow Us on

महनार,संवाद सूत्र। विधानसभा चुनाव को लेकर महनार विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाची पदाधिकारी सह महनार एसडीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस बार महनार विधानसभा के 388 मतदान केंद्रों पर कुल 3,00,423 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाता 1,58,892, महिला मतदाता 1,41,521 एवं थर्ड जेंडर मतदाता 10 हैं। 15 पिंक और दो आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस बार विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

महनार विधानसभा क्षेत्र में 15 पिंक मतदान केंद्र और दो आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। इनमें से 10 पिंक मतदान केंद्र महनार नगर क्षेत्र में स्थित हैं। इन पिंक बूथों में अवर निबंधन कार्यालय महनार स्थित मतदान केंद्र संख्या 349, 350 एवं 351, बालक उच्च विद्यालय महनार के मतदान केंद्र संख्या 352 एवं 353, मध्य विद्यालय महनार कन्या के मतदान केंद्र संख्या 354 एवं 355 तथा कन्या उच्च विद्यालय महनार के मतदान केंद्र संख्या 367, 368 एवं 369 शामिल हैं। इन सभी बूथों पर केवल महिला मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि महिला मतदाताओं को मतदान के दौरान सहज वातावरण मिल सके। महनार विधानसभा क्षेत्र के 100 मतदान केंद्रों पर पुरुष एवं महिला मतदान कर्मियों की संयुक्त तैनाती की गई है। वहीं 63 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 53 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से अर्धसैनिक बलों की विशेष तैनाती की गई है। चुनाव संचालन को सुचारु बनाने के लिए पूरे महनार विधानसभा क्षेत्र को 55 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें 30 सेक्टर जन्दाहा प्रखंड में और 23 सेक्टर महनार प्रखंड में हैं। इसके अलावा, महनार नगर एवं प्रखंड क्षेत्र को आठ जोन में विभाजित किया गया है। मंगलवार को सभी मतदान कर्मियों ने अपने-अपने स्थल पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराई। निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि बुधवार को सभी मतदान कर्मियों को सामग्री वितरण की व्यवस्था बालक उच्च विद्यालय महनार में की गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है,ताकि हर बूथ की निगरानी रीयल टाइम में की जा सके। इसके साथ ही, मतदान केंद्रों पर बिजली,पानी,रैंप, शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया गया है। दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और सहायता कर्मी भी उपलब्ध रहेंगे। मतदान के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से प्रशासन ने इस बार दो यूथ मतदान केंद्र भी बनाए हैं। इन केंद्रों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है ताकि पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को विशेष अनुभव मिल सके। एसडीओ नीरज कुमार ने बताया कि सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती रहेगी। ताकि मतदान शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन की टीमें लगातार बूथों का निरीक्षण कर रही हैं और हर जोन में दंडाधिकारी व सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है।