Hajipur News: महनार में काली पूजनोत्सव को लेकर शक्तिपीठ मंदिर में तैयारियां तेज
Hajipur News: 26 अगस्त को होगा वार्षिक पूजनोत्सव, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत मंदिर परिसर में चला विशेष सफाई अभियान

Hajipur News: आगामी 26 अगस्त को होने वाले मां काली के वार्षिक पूजनोत्सव को लेकर महनार प्रखंड के हसनपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ काली मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश मार्ग और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर कचरे का निष्पादन किया गया। स्वच्छता कर्मियों ने पूरे परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया। पूजनोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था और सुदृढ़ की जा रही है।
स्वच्छता पर्यवेक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पूजनोत्सव तक प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे धार्मिक आयोजन की बेहतर तैयारी बताया। -कृत्यानंद सिंह


