महनार में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को फूल देकर किया जागरूक
अनोखी पहल... ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ के संकल्प के साथ रविवार को महनार नगर क्षेत्र में चला विशेष जागरूकता अभियान एसडीओ और एसडीपीओ ने कहा- हेलमेट सिर्फ नियम नहीं, जीवन बचाने का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच...

महनार। सं.सू. ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ के संकल्प के साथ रविवार को महनार नगर क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। महनार एसडीओ नीरज कुमार एवं एसडीपीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत लोगों को हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा है। बाइक दुर्घटना के दौरान बिना हेलमेट गंभीर चोट व मौत की संभावना बढ़ जाती है।
अभियान का उद्देश्य
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पहने लोगों को गुलाब का फूल देकर जागरूक किया गया। इस दौरान कई लोग अधिकारियों से गुलाब लेते समय शर्मिंदा भी दिखे। पुलिसकर्मी एवं अन्य लोग हाथों में ‘पहले हेलमेट, फिर सफर’, ‘सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा’ तथा ‘हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें’ जैसे नारे लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक करते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान बाइक रैली भी निकाली गई। रैली को एसडीओ नीरज कुमार एवं एसडीपीओ प्रवीण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बाइक रैली मदन चौक से थाना मोड़, सिनेमा रोड, पटेल चौक सहित नगर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। अधिकारियों ने लोगों से सीट बेल्ट लगाने, वाहन धीरे चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग नहीं करने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की।
आगे की कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सोमवार से बिना हेलमेट वाहन चलाने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। - कृत्यानंद सिंह
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


