मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती की लौ से जगमग हुआ नमामिगंगे घाट

Mar 03, 2026 01:34 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हाजीपुर
share Share
Follow Us on

ऐतिहासिक कौनहारा घाट पर श्रद्धालुओं ने रंगों के साथ भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया फाल्गुन के पूर्णिमा पर नमामि गंगे घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन खूब उड़े अबीर-गुलाल, मंत्रोच्चार और आरती की लौ के...

मंत्रोच्चार के बीच गंगा आरती की लौ से जगमग हुआ नमामिगंगे घाट

हाजीपुर। निज संवाददाता स्थानीय कोनहारा के नमामि गंगे घाट पर फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना से हुई। हाजीपुर के विधायक अवधेश सिंह, नगर परिषद हाजीपुर की सभापति डॉ. संगीता कुमारी एवं कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर गंगा आरती का शुभारंभ किया। मंत्रोच्चार गूंजायमान और आरती की लौ निकलने के साथ ही पूरा घाट भक्ति, आस्था और पवित्रता के वातावरण से आलोकित हो उठा। कुछ ही देर में गंगा आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और भव्य गंगा आरती के साथ-साथ अबीर-गुलाल भी उड़ाया गया।

लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कौनहारा घाट पर श्रद्धालुओं ने रंगों के साथ भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया। विधायक अवधेश सिंह ने गंगा आरती की सराहना करते हुए कहा कि यह धार्मिक कार्यक्रम नदी को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। घाट से लेकर शहर तक साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, जिसके लिए आम नागरिकों को जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने यहां कौनहारा घाट पर अबीर-गुलाल से होली खेली है, जो भाईचारे और प्रेम का प्रतीक है। नगर परिषद की सभापति डॉ. संगीता कुमारी ने कहा कि हाजीपुर में आयोजित गंगा आरती दिन-प्रतिदिन अधिक भव्य और आकर्षक होती जा रही है। जिस दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा के लिए लोग काशी और हरिद्वार जाते थे, वैसी अनुभूति अब कौनहारा घाट पर भी होने लगी है। उन्होंने बताया कि 21 फीट ऊंची भाव गजग्राह प्रतिमा के निर्माण कार्य का शिलान्यास पिछले महीने किया जा चुका है और बहुत जल्द कौनहारा घाट और अधिक आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। उन्होंने होली के अवसर पर संदेश देते हुए कहा कि यह रंगों का त्योहार है, इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और सद्भाव का संदेश दें। कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि गंगा आरती प्रत्येक माह की पूर्णिमा को आयोजित की जाती है, जिससे लोगों को नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।नगर परिषद हाजीपुर द्वारा पर्यटन विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और नदी स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कौनहारा घाट स्थित नमामि गंगे घाट पर काशी जैसी भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम में नमामि गंगे के डीपीओ मुनेश कुमार, सिटी मैनेजर दीपक कुमार तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता रामू कुमार सहनी, विधायक की पत्नी रंजू देवी, सोनू सिंह आर्या सहित नगर परिषद के कर्मी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। हाजीपुर-06- सोमवार को कोनहारा के नमामि गंगे घाट पर गंगा आरती करते पुजारी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।