Hajipur News: राजापाकर में अज्ञात चोरों ने दो घरों में चोरी कर लाखों रुपए के सामान उड़ाए
Hajipur News: बीती रात राजापाकर थाना क्षेत्र में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। श्रीभगवान सिंह के घर से लगभग 10 लाख रुपए के गहने और 20,000 रुपए नकद चोरी हुए। संजीत राय के घर से भी 15,000 रुपए नकद और अन्य जेवरात की चोरी हुई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Hajipur News: बीती रात राजापाकर थाना क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर 08 में दो घरों में बेखौफ चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। राजापाकर दक्षिणी वार्ड नंबर 8 निवासी श्रीभगवान सिंह एवं संजीत राय के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना अंजाम दिया।
घटना की जानकारी
गृह स्वामी श्रीभगवान सिंह ने घटना को लेकर राजापाकर थाने को सूचना दी है। जिस पर एएसआई सजीवन पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। वहीं घटना को लेकर श्रीभगवान सिंह ने राजापाकर थाने में आवेदन देकर अज्ञात चोरों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना में दिये गये आवेदन में श्रीभगवान सिंह ने बताया कि बुधवार की सुबह 4 बजे मैं जब सोकर उठा तो देखा कि मेरे घर का ताला टूटा हुआ है। जब हम घर के अंदर गए तो देखा कि मेरे पुत्र रजनीश कुमार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। अगल-बगल के लोगों को भी बुलाया तो देखा कि मेरे घर के दूसरे कमरे में बक्सा तोड़कर मेरी पत्नी के लगभग दस लाख रुपए के गहने व बक्से में रखे गए बीस हजार रुपए नगद चोर उड़ा कर ले गए।
संजीत राय का मामला
वही राजापाकर दक्षिणी पंचायत के वार्ड नंबर आठ निवासी संजीत राय ने बताया कि बीती रात अज्ञात चोरों ने उनके घर में भी चोरी की। कमरे में रखे अटैची लेकर कर बाहर निकल गए और घर के बगल में नलजल के लगाए गए टॉवर के पीछे अटैची तोड़कर उसमें रखे पंद्रह हजार रुपए नगद व अन्य जेवरात की चोरी कर ली। वहीं थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि अज्ञात चोरों के धर पकड़ के लिए पुलिस प्रयासरत है। -संतोष वर्मा


