Hajipur News: जनता दरबार में डीएम ने लिया संज्ञान, वन स्टॉप सेंटर की पहल से परिवार में लौटी खुशी
Hajipur News: जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के जनता दरबार में एक पारिवारिक विवाद का समाधान वन स्टॉप सेंटर, वैशाली द्वारा प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से किया गया। दंपति ने आपसी समझ और सम्मान के साथ रहने पर सहमति जताई। पिंकी देवी ने पति द्वारा मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की थी।

Hajipur News: जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के जनता दरबार में प्राप्त एक पारिवारिक विवाद के मामले में त्वरित एवं संवेदनशील पहल करते हुए वन स्टॉप सेंटर, वैशाली द्वारा प्रभावी काउंसलिंग के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद का समाधान कराया गया।
पारिवारिक विवाद का समाधान
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई कार्रवाई के फलस्वरूप परिवार में पुनः सौहार्दपूर्ण वातावरण स्थापित हुआ और दंपति ने आपसी समझ एवं सम्मान के साथ साथ रहने पर सहमति व्यक्त की। हाजीपुर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपूत कॉलोनी निवासी पिंकी देवी,पति विक्रम मलिक ने जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में आवेदन देकर अपने पति द्वारा मानसिक एवं आर्थिक रूप से प्रताड़ित किए जाने तथा बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेदारी का उचित ढंग से निर्वहन नहीं किए जाने की शिकायत की थी। पिंकी देवी की शादी वर्ष 2011 में हुई थी तथा उनके तीन पुत्रियां एवं एक पुत्र हैं।
जिला पदाधिकारी का हस्तक्षेप
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वन स्टॉप सेंटर, वैशाली को आवश्यक कार्रवाई एवं मामले के समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा पीड़िता के आवास का भ्रमण कर मामले की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उनके पति विक्रम मलिक को केंद्र कार्यालय में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया।
संयुक्त बैठक और काउंसलिंग
वन स्टॉप सेंटर में दोनों पक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित कर विस्तृत काउंसलिंग की गई। परामर्श के दौरान पति द्वारा अपनी पत्नी एवं बच्चों के प्रति जिम्मेदारियों का समुचित निर्वहन करने तथा भविष्य में किसी प्रकार की मानसिक अथवा आर्थिक प्रताड़ना नहीं देने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने अपनी पत्नी एवं बच्चों के साथ सम्मानपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीवन-यापन करने की सहमति भी व्यक्त की। -अमिताभ सिंह


