हाजीपुर के सरकारी स्कूल में अश्लील नृत्य मामले में विद्यालय के प्राधानाध्यापक निलंबित
हाजीपुर। निज संवाददाता सदर प्रखंड अन्तर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुर्लियाचक में आयोजित ऑरकेस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लील नृत्य के मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है।

हाजीपुर। निज संवाददाता सदर प्रखंड अन्तर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुर्लियाचक में आयोजित ऑरकेस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लील नृत्य के मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कड़ी कार्रवाई की है। विद्यालय के प्राधानाध्यापक सुनील रंजन वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने जिले मे शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने को लेकर सख्त रुख के बाद इस पर कार्रवाई की गई है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रशासन को सूचना मिली थी कि विद्यालय परिसर में शैक्षणिक मर्यादा के विपरीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संबंध में प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी,किंतु उपलब्ध कराए गए जवाब को असंतोषजनक पाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी,लालगंज का कार्यालय निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। साथ ही,पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर आरोपों पर अलग से अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि विद्यालय ज्ञान और संस्कार का केंद्र हैं,जहां किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक गतिविधि को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी विद्यालयों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा शैक्षणिक वातावरण की पवित्रता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। डीएम ने चेताया अनियमितता मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी संस्थाओं में जिम्मेदारी के साथ कार्य करना अनिवार्य है और यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से जिले के शिक्षा तंत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



