Hindi NewsBihar NewsHajipur NewsDisaster Management Training for Youth in Hajipur Empowering Volunteers
स्काउट गाइड को आपदा प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण

स्काउट गाइड को आपदा प्रबंधन का मिलेगा प्रशिक्षण

संक्षेप:

युवा आपदा मित्र योजना के तहत भारत स्काउट एवं गाइड के युवाओं का प्रशिक्षण 11 दिसंबर से हाजीपुर में

Dec 07, 2025 09:04 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, हाजीपुर
share Share
Follow Us on

हाजीपुर। संवाद सूत्र गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नई दिल्ली की ओर से संचालित युवा आपदा मित्र योजना अंतर्गत भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़े 18 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं का आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण 11 दिसंबर से स्काउट भवन हाजीपुर में शुरू होगा। इसके लिए आपदा प्रबंधन किट उपलब्ध करा दिया गया है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य देशभर में आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए सक्षम, प्रशिक्षित एवं संवेदनशील युवा स्वयंसेवकों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना है। प्रशिक्षण में जिलेभर से 200 से अधिक अभ्यर्थी को नामित किया गया है। जानकारी देते हुए भारत स्काउट और गाइड के जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने बताया कि भारत सरकार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में स्वयंसेवा की संस्कृति को बढ़ावा देने पर निरंतर ज़ोर दे रही है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

नवंबर 2016 में आयोजित एशियाई मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान माननीय प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत डीआरआर का 10-सूत्री एजेंडा सरकार की भविष्यदृष्टि को दर्शाता है। इस एजेंडा में सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति से जुड़ी चुनौतियों से निपटने, स्थानीय आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने, शैक्षणिक क्षमता-विकास को बढ़ावा देने तथा नई तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाजीपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इधर राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकार के विशेष सचिव आशुतोष कुमार ने प्रशिक्षण स्थल स्काउट भवन, हाजीपुर का निरीक्षण किया और कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। योजना के अंतर्गत प्रत्येक बैच में 120 युवा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं जागरूकता, प्राथमिक प्रतिक्रिया, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, सामुदायिक सहयोग और संकट के समय नेतृत्व क्षमता पर विशेष जोर रहेगा। स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन क्षमता को मिलेगा बल जिला संगठन आयुक्त ऋतुराज ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्राधिकार द्वारा युवा आपदा मित्र तैयार होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों में आपात स्थितियों के दौरान स्थानीय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता बढ़ेगी। प्रशिक्षण प्राप्त युवा आगे चलकर समाज में आपदा प्रबंधन के प्रतिनिधि बनकर समुदाय को जागरूक करेंगे और किसी भी प्राकृतिक या मानव-जनित आपदा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। योजना के सफल क्रियान्वयन से हाजीपुर सहित पूरे वैशाली जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारी, प्रतिक्रिया और पुनर्वास की क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण और मानवीय सेवा के महत्वपूर्ण कार्य से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम है। हाजीपुर - -05- आपदा प्रबंधन के लिए उपलब्ध करवाया गया किट।