Hajipur News: महनार में दिनदहाड़े महिला से 50 हजार रुपये की छिनतई
Hajipur News: बैंक से रुपये निकालकर पंप खरीदने जा रही थी महिला,थाना मोड़ के पास दो अपराधियों ने छीना थैला

Hajipur News: महनार थाना क्षेत्र के नगर परिषद महनार स्थित थाना मोड़ के पास मंगलवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने बैंक से रुपये निकालकर जा रही महिला से 50 हजार रुपये छीन लिये। हसनपुर निवासी मीरा देवी ने महनार बाजार स्थित केनरा बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह चापाकल का पंप खरीदने थाना मोड़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो अपराधियों ने उनके हाथ से रुपये वाला थैला छीन लिया और मच्छर खरज्जमा की ओर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर महनार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया गया कि अपराधी बैंक से ही महिला का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही घटना को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष वेदानंद सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में दिखे संदिग्धों की पहचान महिला ने भी की है। पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। थाना के पास दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। -कृत्यानंद सिंह


