सीआईएसएफ जवान की संदिग्ध स्थिति में मौत, गांव में कोहराम
हरियाणा पुलिस की कस्टडी में बीती गुरुवार की देर रात जवान की हुई संदिग्ध मौत के बाद मचा हड़कंप सूचना पर पहुंचे सगे संबंधी एवं स्थानीय लोग शोक संतृप्त स्वजनों को संभालने में लगे हैं स्वजनों का आरोप,...

जंदाहा । संवाद सूत्र जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बहसी सैदपुर पंचायत के मुकुंदपुर गोपीनाथ निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा गया जी में पदस्थापित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान की हरियाणा पुलिस कस्टडी में हुई संदिग्ध मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर शनिवार की सुबह उनके पैतृक आवास पर पहुंचा तो स्वजनों में कोहराम मच गया। वहीं सीआईएसएफ जवान की हरियाणा पुलिस की कस्टडी में बीती गुरुवार की देर रात हुई संदिग्ध मौत के पश्चात उनका शव शनिवार की सुबह उनके घर पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के लोग उनके आवास पर जमा हो गए। इसी बीच शनिवार के सुबह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी के नेतृत्व में मृत जवान मुकेश कुमार सिंह का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया।
पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया तथा शोकाकुल स्वजन एवं बड़ी संख्या में जुटे स्थानीय लोगों ने नाम आंखों से उनका अंतिम दर्शन करते श्रद्धा सुमन अर्पित किया। बताया गया कि उनका अंतिम संस्कार हाजीपुर के कौनहारा घाट पर पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार सिंह ने वर्ष 1996 में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में अपना योगदान किया था तथा वर्तमान में गया जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पदस्थापित थे। वर्तमान में वह हवलदार के पद पर तैनात थे। उन्हें दो पुत्र दुर्गेश कुमार एवं निलेश कुमार तथा एक पुत्री हैं जो सभी विवाहित हैं। मृत जवान तीन भाई में सबसे बड़े थे। उनके द्वितीय भाई राकेश सिंह भी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में झारखंड में कार्यरत हैं। जबकि छोटे भाई अनिरुद्ध कुमार सिंह ठेकेदारी करते हैं। घटना को लेकर मृतक की पत्नी रीमा देवी सहित सभी स्वजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा घटना की सूचना पर पहुंचे सगे संबंधी एवं स्थानीय लोग शोक संतृप्त स्वजनों को संभालने में लगे हैं। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। जबकि मृतक के पिता रामनाथ सिंह का भी रो-रोकर हाल बेहाल है। लोग उन्हें संभालने में लगे हैं। मालूम हो कि बीते गुरुवार की शाम गया जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के हवलदार मुकेश कुमार सिंह को हरियाणा पुलिस ने एक पुराने मामले में हिरासत में लिया था। बताया गया कि हरियाणा पुलिस जवान को अपने साथ ले जाने लगी। इसी दौरान शेरघाटी के पास हृदय गति रुक जाने से उसकी मौत हो गई। इसके पश्चात उसे गया मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराए जाने के पश्चात उनका पार्थिव शरीर विभागीय अधिकारी एवं स्वजनों को सौंप दिया गया। निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग विभागीय अधिकारियों की टीम उनका पार्थिव शरीर शनिवार को लेकर उनके घर पहुंची। मृत जवान के स्वजनों के अनुसार हरियाणा पुलिस की हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई जवान की मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वजनों के अनुसार हरियाणा पुलिस ने बगैर कानूनी प्रक्रिया पूरी किए हवलदार मुकेश कुमार सिंह को उठाया और बिना ट्रांजिट रिमांड, बिना परिवार को सूचना एवं बिना ग्राउंड ऑफ अरेस्ट बताए सीधे ले जा रही थी। वहीं गुरुवार की रात्रि करीब 11 बजे उनकी मृत्यु की सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार मृत जवान के पुत्र निलेश कुमार ने घटना को लेकर मगध मेडिकल थाना गया जी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें हरियाणा के बहादुरगढ़ के एसीपी प्रदीप कुमार एवं गया जी आए हरियाणा पुलिस के तीन अधिकारी एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के गया जी के अधिकारी को आरोपी बनाया है। स्वजनों ने इस घटना को आपराधिक साजिश एवं कस्टोडियल डेथ बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जंदाहा -01- मुकुंदपुर गोपीनाथ निवासी एवं अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा गया जी में पदस्थापित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवान की हरियाणा पुलिस कस्टडी में मौत के बाद शव शनिवार को गांव पहुंचा तो दरवाजे पर उमड़ी भारी भीड़।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


