Hajipur News: सीएम की सुरक्षा में चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे 650 जवान और 150 पदाधिकारी
Hajipur News: हाजीपुर शहर में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाकर चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई

Hajipur News: हाजीपुर में पेपरलेस निबंधन प्रणाली का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर हाजीपुर शहर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
सुरक्षा व्यवस्था
हाजीपुर शहर में चार पहिया वाहन कार्यक्रम के दौरान प्रवेश न कर सकें इसलिए हाजीपुर के रामाशीष चौक, अनपुर चौक, गांधी चौक, राजेंद्र चौक के पास बैरीकेडिंग लगाकर घेराबंदी की गई थी। हाजीपुर शहर के बाहर दिग्घी मोड़ पर हाजीपुर सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थे। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में 650 जवान और 150 पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाजीपुर शहर में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और जवानों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए थे। संवेदनशील इलाकों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रवेश-निकास मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। स्टेडियम के पास स्थित ऊंची बिल्डिंगों पर भी सुरक्षा व्यवस्था के तहत कई जवानों ने मोर्चा संभाल रखा था।
बैरिकेडिंग और प्रवेश प्रक्रिया
जिला निबंधन कार्यालय के चारों ओर बैरिकेडिंग कर प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए थे। सभी गेट पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिन लोगों के पास वैध आई कार्ड एवं प्रवेश पत्र था उन्हें ही जांच के बाद अंदर प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी। जिला प्रशासन की ओर से जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाकर चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई। प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू था मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान बनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया था। भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और अग्निशमन की गाड़ियों को स्टैंडबाय पर रखा गया था। प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर लगातार गश्ती की जा रही थी। जिला प्रशासन ने आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा। अमिताभ सिंह


