
गीत-संगीत और लोक नृत्य संग युवा उत्सव का आगाज
सोमवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ युवाओं के कंधों पर ही राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी : डीएम जीवन की विविधताओं को आगे लाने का है बेहतर...
हाजीपुर। हि.टी. शहर के नगर परिषद सामुदायिक भवन में सोमवार को कला संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार और जिला प्रशासन वैशाली के संयुक्त तत्वावधान में गीत-संगीत के रंगारंग कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का आगाज हुआ। इस दौरान जिले के युवाओं के लोक नृत्य, समूह लोकगीत, कहानी लेखन, कविता लेखन, चित्रकला आदि विधाओं पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। मनमोहक प्रस्तुति ने श्रोताओं को मन को मोह लिया। खूब तालियां बटोरी। डीएम और विधायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्धाटन। प्रारंभ में वैशाली की डीएम वर्षा सिंह, लालगंज के विधायक संजय सिंह और अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर उप विकास आयुक्त वैशाली ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल से जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह एवं लालगंज विधायक संजय सिंह का स्वागत किया। उद्धाटन सत्र को संबोधित करते हुए डीएम श्रीमती सिंह ने कहा कि युवाओं के कंधों पर ही राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। परिवार एवं समाज सहित राष्ट्र के निर्माण में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। युवा संघर्ष करें और अपनी मंजिल को पाएं, यही प्रयास होना चाहिए। युवाओं को अपने व्यक्तित्व के विकास पर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने वैशाली जिले के युवाओं से अपील की कि युवा अपनी प्रतिभा को पहचानें एवं वैशाली जिले को और आगे ले जाएं। जिला प्रशासन युवा महोत्सव के माध्यम से एक ऐसा मंच प्रदान करता है कि सभी युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके और अपनी छिपी हुई क्षमता को सामने ला सके। जीवन की विविधताओं को आगे लाने का बेहतर अवसर : संजय लालगंज के विधायक संजय सिंह के द्वारा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवा महोत्सव जीवन की विविधताओं को आगे लाने का बेहतर अवसर है। उन्होंने युवाओं को यह भी कहा कि इसे प्रतिस्पर्धा के रूप में ना लें बल्कि रचनात्मक अवसर के रूप में लें। दो दिवसीय युवा महोत्सव का उद्देश्य जिले की स्थानीय कला संस्कृति एवं युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राज्यस्तरीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है। इस प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने का मौका मिलेगा। सभी विधाओं की प्रस्तुति दो दिवसीय कार्यक्रमों में समूह लोक नृत्य, समूह लोकगीत, कहानी लेखन, कविता लेखन चित्रकला एवं वकृता सहित सभी विधाओं की प्रस्तुति शामिल है। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षक तारा कांत सिंह के स्वागत गीत से हुई ,जहां संगीत शिक्षक नंदेश कुमार ढोलक पर संगत कर रहे थे। जिला युवा उत्सव में समूह लोकगीत ,समूह लोक नृत्य एवं चाक्षुष कला की प्रतियोगिता कराई गई। जिला युवा उत्सव में संगीत शिक्षक अरविंद कुमार ,चंदन कुमार ,शालिनी भास्कर ,नेहा भारती, अर्चना कुमारी ,अशोक कुमार के निर्णय के आधार पर प्रतिभागियों का चयन गया। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों की निर्धारित उम्र सीमा 15 वर्ष से 29 वर्ष है। हाजीपुर-01- सोमवार को नगर परिषद सामुदायिक भवन में दो दिवसीय युवा उत्सव का उद्धाटन करती हुईं डीएम वर्षा सिंह, लालगंज विधायक संजय सिंह के साथ अन्य अतिथि।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


