खेल मैदान का जायजा लेने पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने घेरा
बिदुपुर प्रखंड सभागार में मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने खेल मैदान पर पंचायत भवन के निर्माण के खिलाफ ग्रामीणों की चिंताओं का समाधान करने की कोशिश की। पूर्व विधायक सतीश कुमार ने मैदान को संरक्षित करने की अपील की।

बिदुपुर। संवाद सूत्र बिदुपुर प्रखंड सभागार में आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीओ राम बाबू बैठा ने की। मौके पर एसडीपीओ वन सुबोध कुमार, बीडीओ मनीष भारद्वाज, सीओ करिश्मा कुमारी, थाना प्रभारी रवि प्रकाश सहित क्षेत्र के अल्पसंख्यक समुदाय के लोग उपस्थित रहे। बैठक में शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
खेल मैदान के विवाद पर चर्चा
बैठक समाप्त होने के बाद एसडीओ ने प्रखंड के अन्य अधिकारियों के साथ कुतुबपुर पंचायत स्थित कुतुबपुर खेल मैदान का दौरा किया। यहां बनाए जा रहे पंचायत सरकार भवन के विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे अधिकारियों को भारी संख्या में ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने खेल मैदान में पंचायत सरकार भवन के निर्माण पर पूरी तरह विरोध जताया। एसडीओ ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन बनने से खेल मैदान को किसी भी तरह का नुकसान नहीं होगा,क्योंकि भवन जमीन के एक हिस्से में आराम से बनाया जा सकता है। इस पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि पंचायत में कई अन्य स्थान उपलब्ध हैं,जहां भवन का निर्माण किया जा सकता है। ग्रामीणों ने 3-4 वैकल्पिक जगहों का सुझाव भी दिया। काफी देर चले विमर्श के बाद यह तय हुआ कि पहले खेल मैदान की मापी कराई जाएगी और उसे अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
पूर्व विधायक का बयान
मौके पर उपस्थित पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सतीश कुमार ने कहा कि इस खेल मैदान से हजारों नवयुवकों का भविष्य जुड़ा है। क्षेत्र के कई युवाओं ने इसी मैदान में दौड़ लगाकर जीवन में सफलता हासिल की है। किसी भी स्थिति में इस मैदान के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार के विजन के तहत इसे कब्रिस्तान की जमीन से अलग कर घेराबंदी की जाए। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि पंचायत सरकार भवन के लिए बिना आम सभा के निर्णय लेना और मनमाफिक जगह चुनना कई पंचायतों में विवाद का कारण बन रहा है। मालूम हो कि बीते सप्ताह कुतुबपुर खेल मैदान में सीओ एवं अन्य अधिकारियों द्वारा जेसीबी से पैलिंग के लिए गड्ढा खोदवाए जाने पर ग्रामीणों ने जोरदार विरोध कर काम बंद करवा दिया था। इसी समस्या को देखते हुए पूर्व विधायक सतीश कुमार ने मामला जिला प्रशासन के समक्ष रखा था,जिसके आलोक में सोमवार को एसडीओ व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। - अनिरुद्ध सिंह
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


