स्कूल में कमरा साफ करने का मिला था दंड, ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के छात्र ने दे दी जान

Apr 07, 2026 11:39 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान, निज प्रतिनिधि, झंझारपुर, मधुबनी
share

एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल नहीं आने पर संचालक ने छात्र को दंड स्वरूप एक कमरे में बंद कर दिया था। साथ ही उसे साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया। सीसीटीवी फुटेज में छात्र को कमरे को बंद नहीं करने की गुहार लगाते देखा गया है।

स्कूल में कमरा साफ करने का मिला था दंड, ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल के छात्र ने दे दी जान

बिहार के मधुबनी जिले में स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में एक छात्र की मौत से अब पर्दा उठ गया है। यहां मधेपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव स्थित ज्ञान ज्योति पब्लिक स्कूल में 12 वर्षीय छात्र विकेश कुमार की संदिग्ध स्थिति में मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी स्कूल संचालक ऋषि कुमार कर्ण को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने प्रेस वार्ता में सोमवार को इसकी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल नहीं आने पर संचालक ने छात्र को दंड स्वरूप एक कमरे में बंद कर दिया था।

साथ ही उसे साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया। सीसीटीवी फुटेज में छात्र को कमरे को बंद नहीं करने की गुहार लगाते देखा गया है, बावजूद इसके कमरे की खिड़की भी बंद कर दी गई। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार को करीब 11 बजे की है। फुटेज के अनुसार, छात्र ने पहले कमरे की सफाई की और बाद में बेडशीट फाड़कर फंदा बना लिया। छात्र विकेश कुमार,भेजा थाना क्षेत्र के सुंदरी गांव निवासी भजन महतो का पुत्र था और पिछले दो वर्षों से इस आवासीय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद संचालक स्कूल में ताला बंद कर फरार हो गया था।

मृतक की मां सुनीता देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रेस वार्ता में मधेपुर थाना के एसआई अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। इससे पहले शनिवार को संदिग्ध स्थिति में 13 वर्षीय छात्र विकेश कुमार की मौत मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। मृतक भेजा थाने के सुंदरी गांव निवासी भजन महतो का पुत्र था। यह एफआईआर मृत छात्र की माता सुनीता देवी ने दर्ज कराई थी। जिसमें विद्यालय संचालक सह प्राचार्य ऋषि कुमार कर्ण व अन्य चार शिक्षकगण एवं दो महिला अर्थात कुल सात लोगों को नामजद किया गया था।

मधेपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वजीत कुमार ने बताया था कि मृत छात्र की मां ने प्राथमिकी में आपराधिक षडयंत्र रचकर एक राय कर पुत्र विकेश कुमार की हत्या कर देने की बात कही थी। प्राथमिकी में कहा गया है कि सभी आरोपित मृत छात्र विकेश को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। शनिवार सुबह सभी आरोपियों ने मिलकर विकेश कुमार की हत्या कर दी। इधर, पोस्टमार्टम कराकर छात्र का शव पुलिस ने परिजन को सौंप दिया गया था। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया था।

मृत छात्र की मां सहित परिवार की महिलाओं का रह-रहकर कारुणिक चीत्कार से सुंदरी गांव का माहौल गमगीन था। छात्र की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद सोमवार को निजी विद्यालय में ताला लटका मिला था। मालूम हो कि इस निजी विद्यालय में करीब एक सौ छात्र नामांकित हैं। फिलहाल छह छात्र ही हॉस्टल में रह रहे थे। छात्र विकेश की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद से विद्यालय के हॉस्टल में एक भी छात्र नहीं है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।