मुझे जेल में मारने की कोशिश हुई, रौशन आनंद सर के दावे से सनसनी; रोते-रोते उठाई जांच की मांग
रौशन आनंद सर ने आरोप लगायाा है कि जेल के अंदर उनको मारने की कोशिश की गई है। जमनत मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में रौशन आनंद रोने लगे। उन्होंने खान सर पर बड़ी साजिश रचने का आरोप मढ़ा है।

पटना स्थित ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद सर ने बड़ा दावा किया है। रौशन आनंद सर ने कहा है कि जेल के अंदर उन्हें मारने की कोशिश की गई। हालांकि, जेल के अंदर कौन उनकी जान लेना चाहता था, इसपर उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहाा लेकिन रौशन आनंद ने पूरे मामले की हाई लेवल जांच की मांग उठाई है। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत से जमानत मिलने के बाद सोमवार को बेऊर जेल से बाहर आए ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद ने खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक बयान के कारण मुझे साजिश के तहत फंसाया गया। मेरे भाई की साजिश के तहत हत्या कराई गई। मुझे भी जेल में मारने की कोशिश की गई।
एनआईटी के पास स्थिति कोचिंग संस्थान में संवाददाता सम्मेलन में रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि फैजल खान की वजह से मेरे भाई की जान गई है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। इस दौरान रौशन आनंद रो पड़े। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना उनके खिलाफ बड़ी साजिश का हिस्सा है। आरोप लगाया कि फैजल खान ने झूठे आरोप में मुझे फंसाया। सभी जानते हैं दारोगा का रिजल्ट सबसे बेहतर किसका हुआ। रौशन आनंद सर ने दावा कियाा है कि फैजल खान के दो अंगरक्षकों ने जेल में उनकी हत्या की साजिश रची थी। जेल प्रशासन की वजह से उनकी जान बच सकी है। इतना ही नहीं रौशन आनंद का यह भी दावा है कि 12 तारीख को उनपर समझौता करने का दबाव बनाया गया।
उन्होंने कहा कि दो जून को मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज पर हमला और फायरिंग की घटना हुई थी। मैं एक साल से मुसल्लहपुर हाट नहीं गया हूं। फैजल खान ने गलत तरीके से मुझपर और मेरे भाई प्रिंस पर प्राथमिकी दर्ज करा दी। मेरा भाई आज दुनिया में नहीं है। इसका सबसे बड़ा कारण फैजल खान उर्फ खान सर ही है। बिहार सरकार की उच्चस्तरीय जांच कराए।
खान कोचिंग मामले में अदालत ने दी जमानत
पटना। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश गौरव सिंह ने सोमवार को ज्ञानबिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को नियमित जमानत दी। नियमित जमानत अर्जी पर दोनों पक्षों के वकीलों की बहस के बाद अदालत ने जमानत दी। फैजल खान उर्फ खान सर के कोचिंग में तोड़फोड़ और उसके गार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन जून को रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत के बाद प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में बेल बांड दाखिल करने पर न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा ने बेऊर जेल से मुक्त करने का आदेश जारी किया।
प्रिंस यादव की मौत के मामले में एक और नेपाली नागरिक हिरासत में
ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध स्थिति में मौत के मामले में नेपाल पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सूत्रों के मुताबिक एक नेपाली नागरिक सहित कुल पांच लोगों को विराटनगर स्थित जिला प्रहरी कार्यालय, मोरंग में रखकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गये नेपाली नागरिक तीर्थ यादव सप्तरी जिले के हनुमान नगर का रहने वाला है। इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
मोरंग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कवित कटुवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। इधर रविवार को मृतक प्रिंस यादव के मामा एवं ग्रामीण उनका शव लेकर अपने गृह क्षेत्र के लिए रवाना हो गए। मोरंग पुलिस के डीएसपी, इंस्पेक्टर सहित विशेष जांच टीम मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
खान कोचिंग के मकान मालिक से दो घंटे पूछताछ
इधर पटना में कदमकुआं थाने के मुसल्लहपुर हाट स्थित जिस मकान में खान कोचिंग सेंटर है, उसके मकान मालिक को पुलिस ने सोमवार को थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया। लगभग दो घंटे तक केस की अनुसंधानकर्ता श्वेता कुमारी ने उनसे पूछताछ की। उधर, नोटिस के दूसरे दिन रविवार को भी कोचिंग के तीन कर्मी नहीं आए। केस की जांच कर रही दारोगा ने बताया कि दो जून की रात खान कोचिंग सेंटर पर हमला कैसे हुआ था, इसकी जानकारी मकान मालिक से ली गई।
हमले के समय कितने लोग थे, उस समय वे क्या कर रहे थे तथा क्या पत्थर और मारपीट करने वालों में से किसी को पहचानते हैं आदि सवाल उनसे पूछे गए। टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि कदमकुआं थाने में दर्ज केस से आलोक में जितने भी प्रत्यक्षदर्शी हैं, उनसे पूछताछ की जानी है। इसी आलोक में कोचिंग के मैनेजर कन्हैया सिंह, अमित पांडेय और अजीत कुमार से भी पूछताछ की जानी है। तीनों को पुलिस ने थाना आने के लिए नोटिस जारी किया है। उनसे भी पूछताछ के बाद अनुसंधान आगे बढ़ाया जाएगा।


