गुरु रहमान को धमकी, महिला दारोगा सस्पेंड, अवैध होर्डिंग हटेंगे; आज पटना की बड़ी खबरें
पटना के मशहूर शिक्षक गुरु रहमान को कोचिंग में घुसकर गोली मारने की धमकी दी गई। बेऊर थाने की महिला दारोगा रजनीगंधा को सस्पेंड कर दिया गया। पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

बिहार की राजधानी पटना के मशहूर कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान को गोली मारने की धमकी मिली है। नौबतपुर में एक किसान को अपराधियों ने गोली मार दी। पटना शहर से अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग को तुरंत हटाया जाएगा, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। बेऊर थाने की महिला दारोगा को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है। पटना सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार, 11 फरवरी 2026 को पटना की बड़ी खबरें यहां देखें-
कोचिंग में घुसकर गुरु रहमान को गोली मारने की धमकी
अदम्य अदिति गुरुकुल के संचालक गुरु रहमान को जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात अपराधियों ने बुधवार की शाम 4 बजे के करीब गोपाल मार्केट स्थित उनके कोचिंग संस्थान के भीतर घुसकर गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद से गुरु रहमान और उनका परिवार दहशत में हैं। उन्होंने इसकी शिकायत पीरबहोर थाने में की है। घटना कोचिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
शराबी को थाने से छोड़ने पर महिला दारोगा सस्पेंड
बेऊर थाने में तैनात महिला दारोगा रजनीगंधा को बुधवार को एसपी ने निलंबित कर दिया। पकड़े गए शराबी को थाने से छोड़ने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। पटना पश्चिमी के सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने महिला दारोगा पर निलंबन की कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में पकड़े गए व्यक्ति को नियमों के तहत थाने लाया गया था, लेकिन बाद में उसे बिना उचित कार्रवाई के पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। जब बेऊर थानेदार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने वरीय पुलिस पदाधिकारी इससे अगवत कराया। जांच में लापरवाही सामने आने के बाद एसपी ने महिला दारोगा को निलंबित कर दिया।
24 घंटे में हटाए जाएं अवैध होर्डिंग और पार्किंग : डिप्टी सीएम
डिप्टी सीएम सह नगर विकास मंत्री विजय सिन्हा ने पटना शहर से अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध होर्डिंग 24 घंटे के भीतर हटा दिए जाएं। अवैध पार्किंग भी तत्काल प्रभाव से बंद कराई जाए। अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पटना सिविल कोर्ट को फिर से बम से उड़ाने की धमकी
बुधवार को एक बार फिर पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस कारण अदालत में कामकाज ठप हो गया। हालांकि, बम की सूचना अफवाह निकली। सोमवार को भी पटना कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। बीते एक साल में यह छठा मामला है। कोर्ट परिसर में बम की सूचना से न्यायिक कार्य नहीं हो सके, इस कारण सांसद पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई भी टल गई। लगभग 1 हजार केस की सुनवाई बुधवार को नहीं हो पाई।
नौबतपुर में किसान को गोली मारी
पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में बुधवार को अपराधियों ने एक किसान को गोली मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को रेफरल अस्पताल लेकर पहुंची। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना एम्स रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान बिरजू शर्मा (45 ), पिता स्व. रामाशीष शर्मा, इब्राहिमपुर के रूप में हुई है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को घटनास्थल से चार खोखा बरामद हुए।
कुख्यात सूर्या डॉन को एनकाउंटर में लगी गोली
पटना केआलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट में नाविकों से रंगदारी वसूलने पहुंचे कुख्यात राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के पहुंचने पर सूर्या ने गोली चलानी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वहीं गिर गया। जख्मी हाल में उसे एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। एनकाउंटर बुधवार अहले सुबह हुआ। सूर्या पटना के टॉप-10 अपराधियों में शामिल है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


