GRP का शर्मनाक चेहरा, FIR से बचने के लिए किया घिनौना कृत्य; लोकल थाना ने बचाई लाज

Jan 19, 2026 02:49 pm ISTSudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

 दो युवक महिला के शव को बोरे में भरकर हरबोड़ा नदी किनारे ले गए। ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। पूछताछ करने पर  बताया कि वे रेल पुलिस के कहने पर शव को दफनाने या फेंकने आए हैं।

GRP का शर्मनाक चेहरा, FIR से बचने के लिए किया घिनौना कृत्य; लोकल थाना ने बचाई लाज

बिहार के बेतिया में नरकटियागंज जंक्शन पर मृत मिली वृद्ध महिला के शव को मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखकर रेल पुलिस द्वारा गुपचुप तरीके से ठिकाने लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रेल पुलिस के एक अधिकारी ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और कागजी पचड़े से बचने के लिए शव को बोरे में भरकर हरबोड़ा नदी में फेंकने का आदेश दिया। हालांकि, शव फेंकने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना रविवार दोपहर करीब एक बजे की है।

रेल पुलिस के निर्देश पर स्टेशन पर रहने वाले चमुआ निवासी सूरदास और पोखरा चौक निवासी रामचन्द्र कुमार महिला के शव को बोरे में भरकर हरबोड़ा नदी किनारे ले गए। वहां मौजूद ग्रामीणों को उनकी गतिविधियों पर शक हुआ। पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने बताया कि वे रेल पुलिस के कहने पर शव को दफनाने या फेंकने आए हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने शिकारपुर पुलिस को सूचित किया।

शिकारपुर थानेदार ने की पुष्टि

मौके पर पहुंची शिकारपुर पुलिस के सामने दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि रेल पुलिस के प्रेम कुमार नामक एक अधिकारी ने उन्हें शव को ले जाकर ठिकाने लगाने को कहा था। शिकारपुर थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने पुष्टि की कि पकड़े गए युवक स्टेशन पर ही रहते हैं और उन्होंने पुलिसकर्मी के आदेश पर ऐसा करने की बात कही है।

क्या है पूरा मामला

मृतक महिला की पहचान मोतिहारी के चैलाहा गांव निवासी तेतरी देवी (60) के रूप में हुई है। वह नरकटियागंज जंक्शन पर रहकर भिक्षाटन कर अपना जीवन-यापन करती थी। शनिवार रात स्टेशन परिसर में ही उसकी मौत हो गई थी। आरोप है कि रेल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बजाय मामले को रफा-दफा करने और शव को दूसरे थाना क्षेत्र में फेंकने की साजिश रची।

बैकफुट पर आई रेल पुलिस

मामला उजागर होने के बाद रेल पुलिस बैकफुट पर आ गई। शिकारपुर पुलिस की सूचना पर रेल पुलिस ने शव को वापस अपने कब्जे में लिया। रेल थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे किसी कार्यवश थाना क्षेत्र से बाहर हैं, इसलिए घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी

जांच करेंगे रेल डीएसपी : रेल एसपी

महिला भिखारी की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए उसका शव फेंकने के मामले को रेल एसपी वीणा कुमारी ने गंभीरता से लिया है। रेल एसपी ने कहा है कि मामले की जांच रेल डीएसपी से कराई जाएगी। उन्होंने रेल डीएसपी से अति शीघ्र जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए निर्देशित किया है ताकि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई हो सकें।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें