बिहार के बारातों में मर्डर क्यों हो रहे, नालंदा में दूल्हे के बहनोई को गाड़ी से कुचल मारा; पटना में भी कत्ल

Nishant Nandan हिन्दुस्तान, बिहारशरीफ/पटना
share

डांस करने के लिए बाराती और सराती पक्ष के लोग आपस में भिड़ गये। मारपीट के दौरान बारात में कार से आये युवक ने अपनी गाड़ी से दोनों को कुचल दिया। जख्मी के परिजन शंकर को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गये।

बिहार के बारातों में मर्डर क्यों हो रहे, नालंदा में दूल्हे के बहनोई को गाड़ी से कुचल मारा; पटना में भी कत्ल

बिहार के अलग-अलग जिलों में बारात में हो रही मारपीट और बवाल ने सबको चौंका कर रख दिया है। बिहारशरीफ और पटना दोनों ही जिलों में बारात में मर्डर तक हो गया। सबसे पहले बात बिहारशरीफ की। यहां बारात में डांस करने के लिए बाराती-सराती के विवाद में एक चालक ने भीड़ पर कार चढ़ा दी। जिसमें दूल्हे के बहनोई शंकर पासवान की मौत हो गई। घटना बिहारशरीफ के दीपनगर थाना क्षेत्र के कासिमचक गांव में मंगलवार अल सुबह की है। इस घटना में अथमलगोला थाना क्षेत्र के बुद्धुचक गांव निवासी विजय महतो के पुत्र अमन कुमार गंभीर रूप से जख्मी है। मृतक लखीसराय के गोबिरिया गांव निवासी जयचंद्र पासवान का पुत्र था।

ग्रामीणों की मानें तो बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव निवासी कृष्णा पासवान के बेटे की बारात कासिमचक गांव में गौतम कुमार के घर गई थी। मंगलवार की सुबह चार बजे के करीब डांस करने के लिए बाराती और सराती पक्ष के लोग आपस में भिड़ गये। मारपीट के दौरान बारात में कार से आये युवक ने अपनी गाड़ी से दोनों को कुचल दिया। जख्मी के परिजन शंकर को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गये।

अमन को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाढ़ में इलाज के दौरान शंकर की जान चली गयी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव सौंप दिया। सदर डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि एफएसएल ने जांच की है। मृत युवक के परिजनों के बयान पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

पटना में डीजे पर डांस को लेकर मर्डर

इधर पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें युवक विकास कुमार (17 वर्ष ) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड भी की। विकास कुमार दुजरा देवी स्थान गली निवासी कल्लू महतो का पुत्र था। विकास नौ भाइयों और दो बहनों में सातवें नंबर पर था। परिवार के अनुसार, पहले भी एक भाई की मौत हो चुकी है।

मृतक की बहन ने बताया कि करीब 15 हमलावर आए थे। डीजे पर डांस को लेकर बाराती और स्थानीय लोगों में विवाद हुआ था। बाराती में कुछ शरारती तत्व भी आए थे जो नशे में थे। पहले भाई नन्हकी की पिटाई किए उसके बाद विकास पर हमला बोल दिया। विकास की हत्या करने के बाद वे भाग निकले लेकिन उनकी दो बाइकें यहीं पर छूट गई। पुलिस सुबह 4.30 बजे पहुंची थी तब तक हमलावर भाग चुके थे।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।