
पटना में महामंथन का महादौर; नीतीश, लालू, चिराग की पार्टियों की बैठक, प्रशांत किशोर जारी करेंगे पहली लिस्ट
नीतीश कुमार के आवास पर जदयू की बड़ी बैठक होने वाली है तो राबड़ी देवी के आवास पर राजद संसदीय बोर्ड की मीटिंग है। चिराग पासवान की एलजेपी-आरवी की आपात बैठक बुलाई गयी है। जन सुराज की पहली लिस्ट आने वाली है।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजधानी पटना का सियासी पारा हाई हो गया है। सभी दलों के बड़े नेताओं के साथ टिकट की प्रत्याशा में विभिन्न पार्टियों के नेता पटना में कैंप कर रहे हैं। दूसरी और राजनैतिक दलों के ताबड़तोड़ बैठकों की भी सूचना है। नीतीश कुमार के आवास पर जदयू की बड़ी बैठक होने वाली है तो राबड़ी देवी के घर पर राजद संसदीय बोर्ड की मीटिंग है। चिराग पासवान की एलजेपी-आरवी की आपात बैठक बुलाई गयी है। इन सबसे इतर प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी करने वाली है।
बिहार चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ सभी दलों का फोकस पटना पर है। सीट शेयरिंग का पेंच हो या टिकट देने-लेने का सवाल, सभी मसलों पर चर्चा के लिए पटना कुरुक्षेत्र बना हुआ है। आज सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू की बड़ी बैठक है जिसमें पार्टी के बड़े चेहरे शामिल होंगे और सीटों की संख्या से लेकर प्रत्याशियों की दावेदारी पर चर्चा होगी। किसका टिकट कटेगा या किसका सितारा चमकेगा, यह फाइनल करने के लिए मीटिंग बुलाई गयी है।
दूसरी ओर पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर राजद संसदीय बोर्ड की बैठक बुलाई गयी है। बोर्ड मीटिंग में उम्मीदवारों के भविष्य पर अंतिम रूप से मुहर लगाने के लिए मंथन होगा। महागठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला भी अभी अधर में है क्योंकि तेजस्वी यादव के सामने कांग्रेस, वामदलों और अन्य सहयोगी दलों ने बड़ी मांग रख दी है। मुकेश सहनी की डिमांड भी छोटी नहीं है।
सीटों की संख्या को लेकर असंतोष उभरने पर चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी- आरवी ने पटना में आपात बैठक बुलाई है। पार्टी के बिहार प्रभारी अरुण भारती ने यह बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार एलजेपी 35 सीटों की मांग कर रही है जबकि जदयू-बीजेपी के प्लान के अनुसार चिराग पासवान को 20+ सीटें देने की चर्चा है। बुधवार को चिराग पासवान के ट्वीट से माहौल गरमा गया था। चिराग दिल्ली चले गए हैं जहां मंगल पांडे के साथ उनकी मीटिंग की खबर मिल रहे हैं।
इधर जन सुराज पार्टी आज प्रत्याशियों की पहली लिस्ट आज जारी करने वाली है। दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाया गया है जिसमें प्रशांत किशोर करीब एक सौ प्रत्याशियों का नाम फाइनल कर सकते हैं। प्रशांत का नाम फाइनल करने की भी चर्चा है हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।





