बिहार में सरकारी नौकरी की बहार; 26 हजार कॉलेज शिक्षक और कर्मचारियों की बहाली जल्द

Follow us on Google News
share

बिहार में बड़े पैमाने पर कॉलेज शिक्षकों और गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर लेने की है।

Job

बिहार में 26 हजार कॉलेज शिक्षकों और कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। राज्य सरकार ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत लगभग 6600 व्याख्याताओं और 11 हजार से अधिक गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा नए खुलने वाले 211 डिग्री कॉलेजों में भी लगभग 9300 पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें शिक्षकों के अलावा गैर शैक्षणिक पद शामिल हैं।

उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार, रिक्तियों की पहचान कर ली गयी है। अब सूबे में बड़े पैमाने पर कॉलेज शिक्षकों और गैर शैक्षणिक कर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। सरकार का लक्ष्य इस साल के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर लेने की है।

राज्य के 13 विश्वविद्यालयों में इन कॉलेज शिक्षकों और कर्मियों की नियुक्ति की जानी है। यहां इस समय आधे से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। कॉलेज शिक्षकों के 55 फीसदी पद, जबकि गैर शैक्षणिक कर्मियों के 60 फीसदी से अधिक पद रिक्त हैं। लंबे समय से नियुक्ति नहीं होने के कारण रिक्तियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हर हाल में इसमें इजाफा हो जाता है। नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए कई बार प्रयास किए गए। कार्ययोजना बनी, लेकिन किसी न किसी कारण से मामला अटक जाता है।

कॉलेजों में शिक्षकों के नहीं रहने से एक ओर जहां पढ़ाई बुरी तरह बाधित है, वहीं समय पर कोर्स पूरा नहीं होने से सत्र में अनावश्यक रूप से काफी पीछे चल रहा है। कई जगहों पर तो शैक्षणिक सत्र साल से अधिक पीछे जा चुका है। इसके कारण नयी तरह की समस्या पैदा हो रही है। बच्चों की परीक्षा समय पर नहीं होने से परीक्षा परिणाम भी समय पर नहीं आ पाता है, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा के लिए बाहर के कॉलेजों या विश्वविद्यालयों में प्रवेश नहीं मिल पाता है। रिजल्ट नहीं आने से कई बार प्रतियोगिता परीक्षा के लिए भी बच्चे फार्म नहीं भर पाते हैं। इसमें बीपीएससी, एसएससी समेत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता परीक्षाएं शामिल हैं।

अभी क्या है स्थिति

कॉलेज शिक्षकों के पद 12411

कार्यरत 5800

रिक्त 6611

गैर शैक्षणिक पद 16557

कार्यरत 5583

रिक्त 10974

क्या बोले मंत्री?

सरकार की प्राथमिकता में उच्च शैक्षणिक संस्थानों में निर्बाध अध्ययन को सुनिश्चित करना है। सरकार का प्रयास है कि इनके रिक्त पदों पर नियुक्ति हो। हम इसके लिए हर स्तर पर प्रयास करेंगे। - संजय सिंह टाइगर, उच्च शिक्षा मंत्री

हर कॉलेजों में 44 नए पदों का सृजन होगा

राज्य सरकार ने कॉलेज रहित 211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज की स्थापना की योजना बनायी है। इनके लिए अलग से शिक्षकों के साथ गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति की जानी है। प्रत्येक कॉलेज में 44 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गयी है। इनमें 32 शिक्षकों और 12 गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्ति की जानी है। इस प्रकार इन कॉलेजों में 6752 शिक्षक और 2532 गैर शैक्षणिक कर्मी नियुक्त होंगे। ऐसे में कुल 9284 पदों पर नियुक्ति होनी है। राज्य मंत्रिपरिषद ने इस प्रस्ताव को पहले ही हरी झंडी दे दी है।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Bankipur Election Result LIVE, Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।