बदला जिले का मौसम, हल्की बारिश व तेज हवा से गिरा तापमान
कई इलाकों में बूंदाबांदी से गेहूं की कटनी प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंताजिले में बुधवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। हल्की बारिश और तेज पछुआ हवा के कारण जहां तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस ...

गोपालगंज।जिले में बुधवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। हल्की बारिश और तेज पछुआ हवा के कारण जहां तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई। आसमान में बादल छाए रहे और तेज हवा चलती रही। हालांकि दिन में कई बार कुछ समय के लिए हल्की धूप भी निकली। शहर सहित बैकुंठपुर, बरौली, सिधवलिया, मांझा और थावे के कई इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश हुई। जिससे मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि कार्य प्रभावित, किसान चिंतित अचानक बदले मौसम का असर जनजीवन के साथ-साथ कृषि कार्यों पर भी पड़ा है।
किसानों ने खेतों में खड़ी फसल को सुरक्षित रखने के लिए कटनी और दवनी का काम फिलहाल रोक दिया है। किसानों ने बताया कि इस समय हल्की बारिश से भी दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा रहता है। बरौली और सिधवलिया क्षेत्र के किसानों ने बताया कि तेज हवा के कारण कुछ जगहों पर गेहूं की फसल गिर भी गई। गर्मी से राहत, आज से मौसम होगा सामान्य हालांकि आम लोगों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान से लोग परेशान थे। लेकिन बारिश और ठंडी हवा के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक भी महसूस की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार से मौसम सामान्य हो जाएगा और बारिश की संभावना कम रहेगी। हालांकि हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान नियंत्रित रहेगा और गर्मी से फिलहाल राहत बनी रहेगी। कृषि विभाग ने भी किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि किसान फसल की कटनी मौसम साफ होने पर ही करें। ताकि नुकसान से बचा जा सके। (गोपालगंज से प्रमोद तिवारी)
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


