
भोरे में सुबह से ही महिला व पुरुष की लम्बी लम्बी कतारें लगीं
दिन चढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार बढ़ती गई पहली बार वोट देने वाले युवा वोटरों में रहा उत्साह
भोरे। अजय त्रिपाठी भोरे विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को सुबह के सात बजे से मतदान होना था लेकिन काफी पहले से ही महिला और पुरुष मतदाताओं की लम्बी लम्बी कतार लगने लगी थीं। इसमें पहली बार मतदान करने आए युवा मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या थी। जिसमें महिला और पुरुष दोनों वर्ग के मतदाता शामिल थे। इसके साथ ही बुजुर्ग मतदाता भी बड़ी संख्या में मतदान के लिए सुबह से ही पहुंचने लगे थे। कई बूथों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक दिखी। कमजोर वर्ग के मतदाता भी बड़ी संख्या में सुबह से ही कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।

मतदान केंद्रों के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों की तरफ से स्टॉल भी लगाए गए थे। लेकिन चुनाव आयोग की तरफ से पहले से ही मतदाता पर्ची का वितरण कर दिया गया था, जिससे मतदाताओं को राजनीतिक दलों के स्टॉल पर जाने की कोई जरूरत ही नहीं पड़ रही थी। हालांकि जिन मतदाताओं को मतदाता पर्ची नहीं मिली थी, उनको राजनीतिक दलों के स्टॉल से सहायता मिल रही थी। ------------- युवा मतदाताओं में दिखा उत्साह गुरुवार को भोरे (सु)विधानसभा क्षेत्र में हुए मतदान के दौरान पहली बार वोट देने वाले युवा मतदाताओं में भारी दिखा।सुबह से ही नहा-धोकर अच्छे कपड़े पहनकर युवा वोटर मतदान केंद्रों पर पहुंच कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे। उनमें वोट कैसे देना है, इसको लेकर उहापोह की स्थिति बनी रही।कई वोटरों को वोटिंग में परेशानी भी हुई। मध्य विद्यालय तिवारी चकिया के मतदान केंद्र संख्या 324 पर पहली बार वोट देने पहुंचे हर्षित त्रिपाठी ने बताया कि ईवीएम का बटन दबाने पर काफी खुशी महसूस हुई। वहीं मध्य विद्यालय कोरेया के मतदान केंद्र पर पहली बार वोट करने पहुंची खुशबू कुमारी ने भी खुशी का इजहार किया। ------------ यूपी की सीमाओं पर पुलिस की रही पैनी नजर तीन तरफ से यूपी से घिरे भोरे विधान सभा क्षेत्र के सीमाई इलाकों में चुनाव को लेकर पुलिस की पैनी नजर रही। सभी प्रमुख सीमाओं पर पुलिस बल तैनात किए गए थे। इस दौरान यूपी की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की जांच लगातार की जाती रही। इन सीमाओं पर बिहार सीमा के अंदर बिहार की पुलिस और यूपी सीमा के अंदर यूपी की पुलिस तैनात रही। मालवाहक वाहनों की भी जांच की जा रही थी पूरे विधानसभा क्षेत्र में भींगारी बाजार, चकिया कोठी, भवानी छापर, पकहा, बनकटा, समउर बाजार, भोपतपुर, मिश्रौली, करौंधी, बलुआ अफगान आदि दर्जनों जगह पर यूपी की सीमा सील की गई थी। ---------- मतदाताओं की प्रतिक्रिया आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ ने मतदान कर बाहर निकले कई मतदाताओं से बात कर यह जानने की कोशिश की कि उन्होंने क्या सोचकर मतदान किया है। तिवारी चकिया मतदान केंद्र से मतदान कर बाहर निकले अरविंद नाथ तिवारी ने बताया कि हमने विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुशासन को ध्यान में रखकर मतदान किया है। छठियांव के मलय मिश्र ने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए मतदान किया है। वहीं भोरे के चंदन यादव ने भी बताया कि विकास को लेकर मैंने मतदान किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




