करमैनी गाजी गांव में दंपती समेत छह को पीटा
गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के करमैनी गाजी गांव में किराना दुकान से उधार सामान नहीं देने पर दबंगों ने दंपति समेत छह लोगों के साथ मारपीट की। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अन्य घटना में, युवक को रास्ते में रोककर मारपीट की गई और उसकी बाइक क्षतिग्रस्त कर दी गई।

गोपालगंज,हमारे संवाददाता। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के करमैनी गाजी गांव में शुक्रवार की देर शाम किराना दुकान से उधार सामान नहीं देने पर दबंगों ने दंपति समेत छह लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को पहले कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में सभी घायलों का इलाज मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। घटना के संबंध में गांव निवासी स्व. रामानंद गोंड के पुत्र कृष्ण प्रसाद ने बताया कि वह अपनी किराना दुकान पर मौजूद था।
इसी दौरान पड़ोस के कुछ लोग उधार सामान की मांग करने लगे। उधार देने से इनकार करने पर वे गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी राजकुमारी देवी के साथ भी मारपीट की गई। माता-पिता के साथ मारपीट होते देख पुत्र मनोहर कुमार, श्रवण कुमार, गर्भवती बहू सीमा देवी और सुमन देवी जब बचाने पहुंचे तो उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मारपीट की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। दवा खरीदने जा रहे युवक को रास्ते में रोककर पीटा, बाइक क्षतिग्रस्त नगर थाना क्षेत्र के रजोखर गांव के समीप घटना घायल युवक का सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती गोपालगंज, हमारे संवाददाता।नगर थाना क्षेत्र के रजोखर गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम मनबढ़ युवकों ने एक युवक को रास्ते में रोककर मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पार नवादा गांव निवासी सुभाष शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र नितेश कुमार के रूप में हुई है। उसका इलाज गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है। पीड़ित युवक ने बताया कि वह दवा खरीदने के लिए लंगड़ा मोड़ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में नगर थाना क्षेत्र के ही रजोखर गांव के समीप कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे रोक लिया और ‘हीरो बनने’ का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उसकी बाइक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। युवक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसके पास मौजूद 60 हजार रुपये भी छीन लिए, जो उसने अपने चाचा की शादी के लिए एक रिश्तेदार से उधार लेकर रखे थे। घटना की जानकारी युवक ने अपने परिजनों को दी तथा इस संबंध में नगर थाने में आवेदन भी दिया है। आवेदन मिलने के बाद नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


