होली में घर पहुंचने की जद्दोजहद कर रहे प्रवासी यात्री
- छपरा, सीवान व थावे रूट की ट्रेनों में नो रूम की स्थिति से हो रही परेशानी - नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग व स्पेशल ट्रेनों के नहीं चलने से हो रही मारामारी

गोपालगंज, हमारे प्रतिनिधि। होली नजदीक आते ही छपरा-थावे रेलखंड पर चलने वाली एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों में प्रवासियों की भीड़ दिखने लगी है। छपरा, सीवान व थावे रूट से नियमित रूप से चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में अगले दो माह तक नो रूम जैसी स्थिति से घर पहुंचने में प्रवासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग होने व स्पेशल ट्रेनों का परिचालन की घोषणा अब तक नहीं होने से होली में घर पहुंचने के लिए तत्काल टिकट के लिए आरक्षण काउंटरों पर मारामारी हो रही है। थावे-सुरत ताप्तिगंगा एक्सप्रेस से थावे पहुंचे बरौली के माड़नपुर गांव के मनोज कुमार, गोमतीनगर एक्सप्रेस से लखनऊ से थावे पहुंचे शहर के राजेन्द्र नगर के संतोष पांडेय, दिल्ली से थावे पहुंचे सिधवलिया के गंगावा गांव के पवन कुमार सहित कई प्रवासियों ने बताया कि ट्रेन में बर्थ नहीं मिलने से उन्हें यात्रा के दौरान घंटों खड़े होकर यात्रा करने की विवशता व रात के समय ट्रेन की फर्श पर सोना पड़ा।
कई दिनों तक लाइन लगने के बावजूद उन्हें तत्काल टिकट नहीं मिला। ----------- स्पेशल ट्रेन परिचालन नहीं होने से मुश्किल में प्रवासी रेलवे के तरफ से थावे रूट से अब तक एक भी स्पेशल ट्रेन परिचालन की घोषणा नहीं की गई है। जिसके चलते नियमित ट्रेनों से प्रवासी किसी तरह अपने घर पहुंच रहे हैं। पाटलीपुत्रा एक्सप्रेस, थावे-टाटा एक्सप्रेस व दिल्ली-छपरा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों से थावे पहुंचे कुचायकोट के संजय सिंह, ललीता देवी, अरविंद कुमार आदि यात्रियों ने बताया कि यात्री सुविधा के नाम पर रेलवे हर बार आम लोगों को ठगने का काम करती है। पर्व-त्योहार के मौके पर ट्रेनों की यात्रा बद से बदतर हो जाती है। ------------ कर्मियों की कमी से लेकर सुरक्षा इंतजाम भी है नदारद छपरा-थावे रेलखंड की ट्रेनों में सुरक्षा इंतजाम भी भगवान भरोसे ही दिख रहा है। थावे आरपीएफ व जीआरपी में कर्मियों की कमी से सभी ट्रेनों में स्कॉट की व्यवस्था नहीं हैं। वैसे आरपीएफ व जीआरपी की टीम थावे जंक्शन पर पहुंचने वाली कुछ ट्रेनों में इन दिनों औचक निरीक्षण कर सुरक्षा का कोरम पूरा करती नजर आ रही है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि कुछ जवानों को रतनसराय, सिधवलिया व सासामूसा स्टेशनों पर रैंक व ट्रेन यात्री सुरक्षा को लेकर लगाया गया है। ------------ होली स्पेशल 100 बसों का हो रहा संचालन होली में प्रवासियों को आसानी से घर पहुंचने के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम गोपालगंज होकर करीब 100 बसों का संचालन कर रही है। बस का संचालन 23 मार्च तक बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, सीवान, सीतामढ़ी, दरभंगा, पुर्णिया व अररिया बस अड्डों से गोपालगंज के रास्ते दिल्ली, गुरूग्राम, अंबाला, पानीपत, सोनीपत, यूपी के अगरा, लखनऊ, गोरखपुर के बीच कराया जा रहा है। जिससे अन्य प्रदेशों में काम करने वाले प्रवासी होली में अपने घर पहुंच रहे हैं। निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन पांच से छह सौ प्रवासी संचालित बसों से घर पहुंच रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



