Gopalganj News: कटेया में तालाब में डूबने से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम
Gopalganj News: कटेया के सिधवनिया गांव में शुक्रवार को एक युवक, फैशल, की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम फैला हुआ है। फैशल अपने दोस्तों के साथ तालाब में स्नान कर रहा था, तभी वह गहरे पानी में चला गया। परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए।

Gopalganj News: कटेया। स्थानीय प्रखंड के सिधवनिया गांव में शुक्रवार को तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शेख गयासुद्दीन के पुत्र 19 वर्षीय फैशल के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार फैशल शुक्रवार को अपने कुछ साथियों के साथ सिधवनिया मदरसा के समीप स्थित तालाब में स्नान करने गया था। सभी युवक तालाब में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान फैशल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घटना की सूचना
उसके एक साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नही मिली। इसके बाद साथियों ने गांव में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए। गांव के कुछ युवकों ने तालाब में उतरकर फैशल की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को सूचना दी। करीब दो घंटे तक ग्रामीण युवकों की ओर से किए गए प्रयास के बाद एनडीआरएफ टीम के पहुंचने से पहले ही फैशल के शव को तालाब से बाहर निकाल लिया गया।
परिवार का दुख
बताया जाता है कि फैशल दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता और बड़ा भाई खाड़ी देश में रहकर काम करते हैं। उसकी मां अपनी बेटी के साथ मायके गई हुई थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां गांव पहुंची और दहाड़ मारकर रोने लगी। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। इधर, पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रयास करती रही, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नही हुए। काफी समझाने के बावजूद परिजनों ने शव पुलिस को नही सौंपा। खबर लिखे जाने तक थाने में घटना को लेकर कोई आवेदन नहीं दिया गया था। ( रिपोर्ट - बागेश्वरी नाथ तिवारी )


