
काम करने के दौरान घायल राजमिस्त्री की मौत,ठेकेदार पर हत्या आरोप
नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव निवासी था मृतक राजमिस्त्री टुनटुन प्रसाद कुचायकोट के तिवारी टोला गांव में काम करने के दौरान हुआ था घायल
गोपालगंज, नगर प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा गांव निवासी एक राजमिस्त्री की मौत हो रविवार को हो गई। मृतक की पहचान कोन्हवा गांव निवासी बच्चा प्रसाद के 42 वर्षीय पुत्र टुनटुन प्रसाद के रूप में की गयी है। इस घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि उक्त युवक राजमिस्त्री का काम करता था। ठेकेदार डुमरिया गांव निवासी सुरेन्द्र तिवारी के साथ काम करने के लिए कुचायकोट थाना क्षेत्र के तिवारी टोला गांव में गया था। इसी बीच सिर में गंभीर चोट लगने से वह घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल होने पर मौजूद ठेकेदार समेत अन्य लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए कुचायकोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जहां स्थिति को नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना परिजनों को देने के बाद ठेकेदार अस्पताल से चला गया। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने ठेकेदार पर पैसे के लेन देन मामले में हत्या का आरोप लगाया। उधर,सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकरकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




