तिलक से लौट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में मौत
गोपालगंज के नगर थाने के अरार मोड़ पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार मनीष कुमार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई और उसका साथी हृदयानंद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के परिवार ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता नगर थाने के अरार मोड़ स्थित ओवरब्रिज पर बुधवार की रात करीब 11 बजे स्कार्पियो के धक्के से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक जादोपुर थाने के बगहा गांव के राजेश्वर यादव का 32 वर्षीय बेटा मनीष कुमार था। घायल उसका दोस्त हृदयानंद यादव है। उसे इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने इमरजेंसी वार्ड में प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे गोरखपुर लेकर रवाना हो गए।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मनीष अपने किसी साथी के यहां महम्मदपुर में तिलक समारोह में शामिल होने के लिए अपने दोस्त हृदयानंद कुमार के साथ बुधवार की शाम बाइक पर सवार होकर घर से निकला था। वहां से दोनों रात में वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे जैसे ही नगर थाने के अरार मोड़ के समीप स्थित ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान मनीष कुमार ने दम तोड़ दिया, जबकि हृदयानंद कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया। सहयोग नहीं मिलने पर पुलिस ने जताई नाराजगी शहर के अरार मोड़ स्थित ओवरब्रिज पर स्कार्पियो के धक्के से बाइक सवार दो युवकों के जख्मी होने के बाद पुलिस जब उन्हें उठाकर इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंची, तो गाड़ी से उतारने वाला कोई नहीं था। नगर थाने के सब इंस्पेक्टर राज कुमार मिश्रा ने अस्पताल कर्मियों से जख्मी युवकों को गाड़ी से उतारने को कहा, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। इससे पुलिस ने नाराजगी भी जताई। हालांकि बाद में अन्य लोगों की मदद से उन्हें गाड़ी से उतारकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मृतक के पिता ने दर्ज कराई दो लोगों पर प्राथमिकी स्कार्पियो के धक्के से हुई बाइक सवार युवक की मौत के मामले में मृतक के पिता व जादोपुर थाने के बगहा गांव निवासी राजेश्वर यादव ने नगर थाने में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने गाड़ी के चालक जादोपुर थाने के जादोपुर दुखहरण गांव निवासी इरफान अली और सहायक चालक पंकज सिंह पर आरोप लगाया है कि धक्का मारने के बाद दोनों उसके बेटे और उसके दोस्त को जख्मी हालत में छोड़कर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने स्कार्पियो और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। मौत के बाद परिजनों में पसरा मातम मौत के बाद परिजनों में मातम पसर गया। परिवार के सदस्य दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों की चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। गुरुवार की सुबह शव मॉडल सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उसके घर पहुंचा, परिजन रोने-बिलखने लगे। आसपास के लोग परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, मगर उनकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


