बेलगाम ट्रक से कुचलकर कर सास की मौत,बहू जख्मी
बैकुंठपुर में रविवार रात अनियंत्रित ट्रक ने सास-बहू को रौंद दिया। हादसे में सास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग की। मृतका अख्तरी खातून गरीब परिवार से थी और मजदूरी करती थी।

बैकुंठपुर, एक संवाददाता। स्थानीय थाने के खोम्हारीपुर गांव के समीप एनएच-227ए के राम-जानकी पथ पर रविवार की रात अनियंत्रित ट्रक ने सास-बहू को रौंद डाला। हादसे में सास की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बहू गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतका रजाक मियां की 53 वर्षीया पत्नी अख्तरी खातून थी। वह अपनी बहू के साथ खेत में गेहूं काटने गई थीं। काम खत्म करने के बाद दोनों पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पूर्वी चंपारण के केसरिया की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बहू को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। थानाध्यक्ष सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि एनएच-227ए पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। जब तक सड़क पर स्पीड ब्रेकर या अन्य सुरक्षा उपाय नहीं किए जाते, तब तक ऐसे हादसे होते रहेंगे। बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सड़क से जाम हटवाया। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी अख्तरी मृतका अख्तरी खातून बेहद गरीब परिवार से थी। वह दूसरों के खेतों में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है। बताया जाता है कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


