वाहन से कुचलकर बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत
गोपालगंज में शनिवार की देर शाम एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई। मृतकों में 46 वर्षीय सालमगीर अंसारी और उनकी 23 वर्षीय पुत्री खुशबू खातून शामिल हैं। दोनों कपड़े खरीदने के लिए शहर आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के समीप शनिवार की देर शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई। दोनों जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुचायकोट सती स्थान के निवासी थे। मृतकों की पहचान रोजाद्दीन अंसारी के 46 वर्षीय पुत्र, साइकिल दुकानदार सालमगीर अंसारी और उनकी 23 वर्षीय पुत्री खुशबू खातून के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की पुलिस टीम और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि सालमगीर अंसारी अपनी बेटी खुशबू खातून के साथ शनिवार को कपड़ों की खरीदारी के लिए गोपालगंज शहर आए थे। शाम में खरीदारी पूरी करने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसदौरान नगर थाना क्षेत्र के कोन्हवा मोड़ के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत डायल 112 की पुलिस टीम को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची । इसके बाद नगर थाना की पुलिस को सूचना दी गई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


