
बरौली के शिक्षक पर फर्जीवाड़ा कर नौकरी करने का आरोप
जिला शिक्षा विभाग के स्थापना डीपीओ ने डीईओ को भेजे गए अपने स्पष्टीकरण में लगाया आरोप स्थापना डीपीओ ने डीईओ से की टीम गठित कर संबंधित शिक्षक के प्रमाणपत्रों की जांच कराने की मांग
गोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के बरौली प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय हलवार के पंचायत शिक्षक मो. ग्यासुद्दीन पर फर्जीवाड़ा कर नौकरी करने का आरोप लगाया गया है। जिला शिक्षा विभाग के स्थापना डीपीओ साहेब आलम ने डीईओ योगेश कुमार को भेजे गए अपने स्पष्टीकरण में उक्त आरोप लगाया है। जिसमें कहा है कि उक्त शिक्षक द्वारा नियमित रूप से दो अलग-अलग संस्थानों में नामांकित होकर एक ही समय में दो डिग्री प्राप्त की गयी है। जो फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी व कूट रचना की श्रेणी में आता है। इसलिए टीम गठित कर उक्त शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच करायी जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

यहां बता दें कि उक्त शिक्षक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से वायरल हो रहा है। जिसमें स्थापना शाखा के डीपीओ व कर्मियों पर वेतन भुगतान के बदले रिश्वत मांगने की बात कही जा रही है। वैसे आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ उक्त वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ योगेश कुमार ने विभाग के संबंधित कर्मी का कार्यभार वापस ले लिया है। साथ ही कर्मी और स्थापना डीपीओ से स्पष्टीकरण मांगा है। इसी मामले में स्थापना डीपीओ ने अपना स्पष्टीकरण भेजा है और उक्त शिक्षक पर आरोप लगाया है। डीईओ ने बताया कि स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ है। मामले की जांच करायी जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


