होली पर सौहार्द बिगाड़नेवालों पर चलेगा प्रशासन का डंडा
हुडदंगियों व सौहार्द बिगाड़नेवालों को पुलिस गिरफ्तार कर करेगी कानूनी कार्रवाई अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन सोशल मीडिया पर रख रही नजर

गोपालगंज, हिन्दुस्तान संवाददाता। होली के अवसर पर जिले में हुडदंग करनेवालों या सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कानून का डंडा चलेगा। ऐसे असामाजिक तत्वों को पुलिस तुरंत गिरफ्तार कर सख्त व कानूनी कार्रवाई करेगी। जिले की पुलिस अफवाहों पर रोक लगाने और ऐसा करनेवालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रख रही है। होली को लेकर जिलेभर में सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के तहत 369 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। सदर अनुमंडल के 203 और हथुआ अनुंडल में 150 स्टैटिक दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 16 क्यूआरटी टीम के दंडाधिकारी भी तैनात रहेंगे। प्रत्येक दंडाधिकारी के साथ एक-एक पुलिस अफसर और चार पुलिस जवान मौजूद रहेंगे।
इन दंडाधिकारियों को होली के अवसर पर हुडदंग करनेवालों या सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति दो मार्च को अपराह्न चार बजे से लेकर चार मार्च को होली समाप्त होने तक के लिए की गयी है। ------------------ क्यूआरटी टीम लेगी त्वरित एक्शन संग्रहित सूचनाओं पर त्वरित एक्शन करने को लेकर डीएम व एसपी ने क्यूआरटी टीम की तैनाती भी की है। जिले के 14 प्रखंड में एक-एक और गोपालगंज नगर व जादोपुर के दियारा क्षेत्र के एक क्यूआरटी टीम तैनात की गयी है। जो गंभीर सूचनाओं पर अपने आवंटित क्षेत्र में त्वरित गति से पहुंचकर उचित एक्शन लेगी। प्रत्येक क्यूआरटी में वरीय पुलिस अफसर और वरीय दंडाधिकारी को तैनात किया गया है। कलेक्ट्रेट में जिला नियंत्रण कक्ष में आठ-आठ घंटे की शिफ्ट के तहत पर्याप्त संख्या में कर्मियों की तैनाती रहेगी। जो सूचना प्राप्त होने पर संबंधित पदाधिकारी या क्यूआरटी टीम से संपर्क करेंगे। वहीं, दोनों अनुमंडलों के एसडीएम और एसडीपीओ को सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण का प्रभार सौंपा गया है। जबकि, थानाध्यक्षों ,बीडीओ व सीओ को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर गश्त लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



