जमुनहां में सड़क हादसे में जमसढ़ी गांव के युवक की मौत
पंचदेवरी प्रखण्ड के कटेया थाना अर्न्तगत जमुनहां हाई स्कूल के खेल मैदान के सामने मिरगंज समउर मुख्य पथ पर अनियंत्रित बाइक की ट्रक में टकराने से एक युवक की मौत हो...
कटेया थाना के जमुनहां हाई स्कूल के खेल मैदान के सामने मीरगंज- समउर मुख्य पथ पर शुक्रवार की देर रात बाइक सवार युवक की मौत एक अज्ञात वाहन की टक्कर से हो गई। मृत युवक की पहचान उचकागांव थाने के जमसड़ी गांव के निवासी लालजी सिंह के 22 वर्षीय बेटे धीरज कुमार सिंह के रूप में की गई है। मृत युवक धीरज कुमार अपने दीदी के घर पंचदेवरी प्रखंड के रूपीबगहीं में रहता था। वह अपने एक रिश्तेदार से मिलने के लिए शुक्रवार की रात को घर से बाइक से निकला था। वापस लौटने के क्रम में वह वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर में उसकी बाइक के परखचे उड़ गए। सुबह में स्थानीय चौकीदार कन्हैया प्रसाद ने शव सड़क पर उसके शव को देखा। इसकी सूचना कटेया थाने को दी गई। सूचना के बाद पहुंचे कटेया थानाध्यक्ष कुमार रजनीकान्त ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज भेज दिया। धीरज बचपन से ही अपनी दीदी के घर पर रहता था। दुर्घटना देर रात को ही हुई। लेकिन ग्रामीणों को इसकी जानकारी सुबह में मिली। थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत ने बताया कि जिस स्थान पर घटना हुई है वहां पहले से एक ट्रक लगा था। युवक की मौत ट्रक की चपेट में आने से हुई है या किसी दूसरे वाहन से,इसकी छानबीन की जा रही है।