कूड़ा फेंकने गई रिटायर शिक्षिका के गले से उड़ाई सोने की चेन
गोपालगंज में एक रिटायर शिक्षिका, कुमारी मनोरमा, ने सुबह कूड़ा फेंकने के दौरान बाइक सवार बदमाशों द्वारा उनकी सोने की चेन छीनने की शिकायत की। इस घटना में वह गिरकर घायल हो गईं और अस्पताल में भर्ती कराई गईं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोपालगंज, हमारे संवाददाता। शहर के अरार मोड़ वार्ड नंबर 26 मोहल्ले में मंगलवार की सुबह कूड़ा फेंकने घर से बाहर निकली एक रिटायर शिक्षिका के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन उड़ा ली। चेन छीनने के दौरान शिक्षिका सड़क पर गिरकर घायल भी हो गईं। इलाज के लिए उन्हें मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया गया। मामले में रिटायर शिक्षिका व शिवनाथ सिंह की पत्नी कुमारी मनोरमा ने नगर थाने में अज्ञात बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह वह अपने घर की साफ-सफाई करने के बाद कूड़ा फेंकने के लिए सड़क की ओर गई थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब एक लाख 80 हजार रुपये है। नगर थाने की पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है। रिपोर्टर-प्रमोद तिवारी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


