
जिले में अब तक 50 किसानों से 331 मीट्रिक टन धान की हुई खरीद
विधान सभा चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद खरीद में तेजी लाने के दिए गए निर्देश
गोपालगंज,नगर प्रतिनिधि। जिले में धान बेचने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। चुनाव कार्य पूर्ण होते ही धान खरीदारी की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए पैक्सों को निर्देश दिए गए हैं। पिछले दो-तीन दिनों से धान क्रय केंद्रों पर किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है। अब तक जिले के 20 पैक्स और एक व्यापार मंडल ने कुल 50 किसानों से 331 मीट्रिक टन धान की खरीद कर ली है। शुरुआती चरण में यह उपलब्धि उत्साहजनक मानी जा रही है। जिले में धान खरीदारी के लिए प्रशासन ने 175 समितियों को धान खरीद का आदेश दिया है।
इन समितियों में से अधिकांश में खरीदारी कार्य की तैयारी पूरी कर ली गई हैं और धीरे-धीरे सभी केंद्र सक्रिय होते जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि जैसे-जैसे सभी केंद्रों पर खरीदी प्रारंभ होगी, जिले में धान खरीदारी की रफ्तार कई गुना बढ़ जाएगी। 977 किसानों ने पोर्टल पर धान बेचने के लिए कराया रजिस्ट्रेशन सरकारी रेट पर धान बेचने के लिए अब तक 977 किसानों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। कई किसान पंजीकरण प्रक्रिया के अंतिम चरण में हैं और उम्मीद है कि यह संख्या जल्द ही हजार का आंकड़ा पार कर जाएगी। कपरपुरा गांव के किसान उपेन्द्र सिंह, नागेन्द्र सिंह आदि किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य और सुविधाओं की समय पर घोषणा होने से उन्हें इस बार धान बेचने को लेकर कोई परेशानी नही हैं। उन्होंने सरकार की व्यवस्था पर संतोष जताया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी में पारदर्शिता और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हर क्रय केंद्र पर निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई है। भुगतान प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है ताकि किसानों को समय पर राशि मिल सके। प्रति क्विंटल 2369 रुपये का समर्थन मूल्य तय जिला सहकारिता पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि सरकार ने इस वर्ष प्रति क्विंटल 2369 रुपये का समर्थन मूल्य तय किया है। इसके साथ ही किसानों को धान की बोरियों पर 25 रुपये प्रति बोरा अतिरिक्त दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को उनके दिए गए धान का मूल्य विभाग के द्वारा 24 से 48 घंटे के अंदर भेजने की व्यवस्था की गई है। ताकि किसानों को अपना धान क्रय केंन्द्र पर देने के बाद कार्यालयों का चक्कर नही लगाना पड़े। राशि किसानों के दिए गए बैंक खाते के माध्यम से भेजने की व्यवस्था है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




